ओमान तट के पास भारतीय क्रू वाले जहाज पर हमला, 13 मेंबर का रेस्क्यू, एक लापता; MEA ने जताई चिंता

खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ओमान के तट पर एक कमर्शियल जहाज को निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई है. भारत ने MT एल गैया पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है.

india-condemns-oman-ship-attack-rescues-13-indians
Image Source: Social Media

खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ओमान के तट पर एक कमर्शियल जहाज को निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई है. भारत ने MT एल गैया पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है. जहाज पर कुल 14 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार थे, जिनमें से 13 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक अभी भी लापता है. उसकी तलाश में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

MEA ने हमले पर जताई चिंता

विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है. मंत्रालय ने कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है. भारत ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव को तत्काल कम करने की जरूरत पर भी जोर दिया है.

भारत ने साफ कहा कि कमर्शियल जहाजों, नाविकों, आम नागरिकों और सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया जाना स्वीकार नहीं किया जा सकता. नई दिल्ली ने सभी पक्षों से बातचीत और कूटनीति के जरिए तनाव कम करने की अपील की है.

सुरक्षित शिपिंग बहाल करने की मांग

भारत ने क्षेत्र में इंटरनेशनल वॉटरवेज के जरिए जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और कमर्शियल गतिविधियों को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की है. MEA के मुताबिक, समुद्री रास्तों पर फ्री और सुरक्षित नेविगेशन अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए बेहद जरूरी है और इसे सामान्य स्थिति में लाने के प्रयास होने चाहिए.

होर्मुज स्ट्रेट में भी बढ़ा तनाव

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब होर्मुज स्ट्रेट के आसपास भी तनाव बढ़ा हुआ है. रविवार सुबह केशम द्वीप के पास एक ईरानी मालवाहक जहाज पर हमले की खबर सामने आई. ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं.

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस मॉनिटर ने भी बताया कि स्ट्रेट से गुजर रहा एक जहाज प्रोजेक्टाइल की चपेट में आया, जिसके बाद उसमें आग लग गई और लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया गया. हालांकि, तत्काल यह स्पष्ट नहीं था कि यह वही घटना है जिसकी जानकारी ईरानी मीडिया ने दी थी.

ईरान ने बताया 'आतंकवादी दुश्मन' का हमला

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने केशम के गवर्नर के हवाले से इस हमले के लिए एक 'आतंकवादी दुश्मन' को जिम्मेदार ठहराया. इससे कुछ घंटे पहले ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा था कि ईरान दबाव के आगे नहीं झुकेगा.

ओमान में क्षेत्रीय देशों के विदेश मंत्रियों की एक अहम बैठक से ठीक एक दिन पहले हुए इन घटनाक्रमों ने समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है. बैठक में ईरान और ओमान के बीच होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाली शिपिंग को मैनेज करने के प्रयासों पर चर्चा होनी है.

ईरान पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि ओमान के साथ वॉटरवे को मैनेज करने को लेकर किसी समझौते का यह मतलब नहीं है कि होर्मुज स्ट्रेट अपने आप शिपिंग के लिए खोल दिया जाएगा. राष्ट्रपति पेजेशकियन ने कहा है कि स्ट्रेट को खोलने के लिए अमेरिका को अपनी नाकाबंदी खत्म करनी होगी.

ये भी पढ़ें: Indonesia Ferry Accident: जावा सागर में लापता हुई यात्री फेरी, 243 लोग थे सवार, 6 की मौत... 97 लोग रेस्क्यू