तत्काल टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव, अब काउंटर पर पहले लेना होगा टोकन, जानें नए नियम

Tatkal Booking New Rules: भारतीय रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है. अगर आप रेलवे काउंटर से तत्काल टिकट बुक कराते हैं, तो 1 अगस्त 2026 से इसकी प्रक्रिया में बदलाव होने जा रहा है.

Major change in Tatkal ticket booking Tokens must now be obtained at the counter first new rules
Image Source: ANI/ File

Tatkal Booking New Rules: भारतीय रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है. अगर आप रेलवे काउंटर से तत्काल टिकट बुक कराते हैं, तो 1 अगस्त 2026 से इसकी प्रक्रिया में बदलाव होने जा रहा है.

यात्रियों की सुविधा और रिजर्वेशन काउंटरों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने नया टोकन सिस्टम शुरू करने का फैसला लिया है. अब तत्काल टिकट के लिए यात्रियों को पहले टोकन लेना होगा और फिर उसी क्रम के आधार पर टिकट बुक किया जाएगा. रेलवे का कहना है कि इस व्यवस्था से लंबी लाइन, भीड़ और दलालों की मनमानी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी.

एसी और स्लीपर तत्काल टिकट के लिए सीमित टोकन

नए नियम के अनुसार, रिजर्वेशन काउंटर से एक तय संख्या में ही टोकन जारी किए जाएंगे. एसी तत्काल टिकट के लिए एक काउंटर से अधिकतम 10 टोकन दिए जाएंगे, जबकि स्लीपर तत्काल टिकट के लिए 15 टोकन जारी किए जाएंगे. इससे काउंटर पर अनावश्यक भीड़ कम होगी और यात्रियों को ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.

टोकन लेने का समय भी तय

रेलवे ने टोकन बांटने के लिए समय भी तय कर दिया है. एसी तत्काल टिकट के लिए सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे तक टोकन दिए जाएंगे. वहीं, स्लीपर तत्काल टिकट के लिए सुबह 9:00 बजे से 9:30 बजे तक टोकन मिलेंगे. यात्रियों को इसी समय के बीच काउंटर पर पहुंचकर अपना टोकन लेना होगा.

पहचान पत्र दिखाना जरूरी

रेलवे ने फर्जी बुकिंग और दलालों पर रोक लगाने के लिए पहचान पत्र अनिवार्य कर दिया है. टोकन लेने के लिए यात्रियों को अपना मूल पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड या कोई अन्य वैध फोटो आईडी दिखानी होगी. इसके अलावा यात्रा से जुड़ी जानकारी भी देनी होगी. बिना पहचान पत्र के यात्रियों को टोकन नहीं दिया जाएगा.

ऑनलाइन तत्काल टिकट के नियमों में बदलाव नहीं

रेलवे ने साफ किया है कि तत्काल टिकट बुकिंग के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है. ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक करने वाले यात्रियों के लिए भी पुराने नियम ही लागू रहेंगे. रेलवे को उम्मीद है कि नए टोकन सिस्टम से रिजर्वेशन काउंटरों पर व्यवस्था बेहतर होगी और यात्रियों को टिकट बुक करने में आसानी होगी.

ये भी पढ़ें- Vande Mataram Bill: राज्यसभा में पास हुआ ‘वंदे मातरम’ बिल, जानिए नए कानून में क्या होंगे नियम