IND vs PAK: भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एक बार फिर पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी. कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने 61 रन से जीत दर्ज की. इस जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया और सुपर-8 में भी जगह बना ली.
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 175 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ उसका सबसे बड़ा स्कोर है. जवाब में पाकिस्तान की टीम 114 रन पर ऑलआउट हो गई. आइए जानते हैं इस शानदार जीत के पांच बड़े हीरो कौन रहे.
3️⃣/3️⃣ for #TeamIndia 💙
— BCCI (@BCCI) February 15, 2026
The #MenInBlue win by 6️⃣1️⃣ runs to qualify for Super 8! 💪
Scorecard ▶️ https://t.co/IgYYH0TeR9 #T20WorldCup pic.twitter.com/hFPqtYIERe
1. ईशान किशन की धमाकेदार पारी
भारत को शुरुआत में झटका लगा, लेकिन ईशान किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. ईशान ने 40 गेंदों में 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे. उनकी पारी ने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
2. सूर्यकुमार यादव की जिम्मेदार कप्तानी पारी
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मिडिल ओवरों में समझदारी से बल्लेबाजी की. उन्होंने तिलक वर्मा के साथ अहम साझेदारी की और 29 गेंदों में 32 रन बनाए. उनके रन टीम को 170 के पार ले जाने में बहुत काम आए.
3. हार्दिक पंड्या की शानदार गेंदबाजी
हार्दिक पंड्या ने दूसरी पारी की पहली ही ओवर में पाकिस्तान को झटका दे दिया. उन्होंने साहिबजादा फरहान को बिना खाता खोले आउट किया. हार्दिक ने कुल तीन ओवर में 16 रन देकर दो विकेट लिए और आखिरी विकेट भी उनके नाम रहा.
4. जसप्रीत बुमराह का तेज हमला
बुमराह ने अपने पहले ही ओवर में दो बड़े विकेट लेकर पाकिस्तान पर दबाव बना दिया. उन्होंने सैम अयूब और कप्तान सलमान आगा को आउट किया. बुमराह ने दो ओवर में 17 रन देकर दो विकेट चटकाए.
5. अक्षर पटेल की फिरकी का कमाल
अक्षर पटेल ने भी दो अहम विकेट लिए. उन्होंने बाबर आजम को बोल्ड किया और उस्मान खान को आउट कर पाकिस्तान की उम्मीदें खत्म कर दीं. अक्षर ने चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिए. वरुण चक्रवर्ती ने भी एक ओवर में दो विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को एक-एक विकेट मिला.
भारत अब तीन जीत के साथ सुपर-8 में पहुंच चुका है. टीम को अपना आखिरी ग्रुप मैच नीदरलैंड के खिलाफ खेलना है. 18 फरवरी को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम इंडिया जीत का सिलसिला जारी रखने उतरेगी.
ये भी पढ़ें- बिहार में सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी, 17 हजार पदों पर होगी भर्ती; जानें कितनी मिलेगी सैलरी