अमेरिका में संदिग्ध ड्रोन देखे जाने की घटना से हड़कंप मच गया है. ये ड्रोन वॉशिंगटन स्थित एक अहम सैन्य इलाके के ऊपर देखे गए, जहां कई बड़े अधिकारी रहते हैं. बताया जा रहा है कि यह इलाका फोर्ट लेस्ली जे. मैकनायर से जुड़ा है, जो बेहद संवेदनशील माना जाता है.
घटना के बाद व्हाइट हाउस में तुरंत उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई. साथ ही दुनियाभर में अमेरिकी दूतावासों को अलर्ट पर रखा गया है.
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक ही रात में कई अज्ञात ड्रोन इस सैन्य क्षेत्र के ऊपर मंडराते देखे गए. अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि ये ड्रोन कहां से आए और किसने भेजे.
यह वही इलाका है जहां अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के आवास मौजूद हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा और बढ़ा दी गई है.
बढ़ाई गई सुरक्षा, जांच जारी
ड्रोन दिखने के बाद अमेरिका के कुछ सैन्य ठिकानों पर सुरक्षा स्तर ‘चार्ली’ कर दिया गया है, जो संभावित हमले की चेतावनी माना जाता है.
इन ठिकानों पर चौकसी बढ़ा दी गई है.
इस पूरे मामले की जांच फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) कर रही है, जबकि पेंटागन ने ज्यादा जानकारी देने से इनकार किया है.
बढ़ते तनाव के बीच चिंता
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब अमेरिका और इजराइल की कार्रवाई के बाद ईरान लगातार जवाबी धमकियां दे रहा है. ऐसे में इस ड्रोन गतिविधि को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है.
कुछ समय के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने पर भी विचार किया गया, लेकिन अभी तक ऐसा नहीं किया गया है.
ये भी पढ़ें- ईरान के निशाने पर खाड़ी क्षेत्र के गैस प्लांट्स, UAE और कतर में भीषण हमला, तेल की कीमतों में भारी उछाल