AI Impact Summit 2026: दिल्ली में 16 से 20 फरवरी 2026 तक AI Impact Summit 2026 का आयोजन भारत मंडपम में होगा. इस कार्यक्रम में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख शामिल होंगे. कार्यक्रम के दौरान नई दिल्ली जिले और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है. पुलिस का कहना है कि ट्रैफिक को सामान्य बनाए रखने के लिए सख्त इंतजाम किए जाएंगे. मेडिकल इमरजेंसी जैसे जरूरी वाहनों को बिना रोक-टोक प्राथमिकता दी जाएगी. आम लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक रास्ते और विशेष परिवहन व्यवस्था भी की जाएगी.
इन सड़कों पर रहेगी पाबंदी
एडवाइजरी के अनुसार, कुछ प्रमुख सड़कों पर आम वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी, खासकर VVIP मूवमेंट के समय. जिन रास्तों से बचने की सलाह दी गई है, वे मथुरा रोड (सुब्रमण्यम भारती मार्ग से लोधी रोड फ्लाईओवर तक), अकबर रोड, जनपथ, फिरोजशाह रोड, शांति पथ, सरदार पटेल मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, कर्तव्य पथ, लोधी रोड, रिंग रोड (बरार स्क्वायर से AIIMS तक), NH-48 (रंगपुरी से धौला कुआं) और भैरों मार्ग हैं.
मथुरा रोड के कुछ हिस्से
दिल्ली में आने वाले गैर-जरूरी वाहनों को ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ा जाएगा. एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मेट्रो का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने की सलाह दी गई है. नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के लिए भी अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं.
बोर्ड परीक्षाओं के लिए खास इंतजाम
17 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं. इसे ध्यान में रखते हुए 10 बड़े स्कूलों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं. स्कूलों को वैकल्पिक रूट की जानकारी दे दी गई है, ताकि छात्रों और स्टाफ को परेशानी न हो.
VVIP मूवमेंट के दौरान बस, ऑटो और टैक्सी को डायवर्ट किया जा सकता है. ऑटो और टैक्सी को केवल तय पार्किंग स्थानों पर ही रुकने की अनुमति होगी. मेट्रो सेवा सामान्य रूप से चलती रहेगी. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे एडवाइजरी का पालन करें और सफर से पहले रूट की जानकारी जरूर ले लें.
ये भी पढ़ें- सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान को नहीं दिया भाव, एशिया कप की इस परंपरा को भारत ने रखा जारी