IND vs PAK: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में आज भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हैं. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले से पहले माहौल काफी गरम रहा. टॉस के समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया.
इस तरह एशिया कप से शुरू हुई ‘नो हैंडशेक’ नीति वर्ल्ड कप में भी जारी रही. पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है. भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है. सूर्यकुमार यादव ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं.
🚨 Toss 🚨#TeamIndia have been put into bat.
— BCCI (@BCCI) February 15, 2026
Updates ▶️ https://t.co/IgYYH0TeR9 #T20WorldCup | #MenInBlue pic.twitter.com/rMA2wseuxJ
एशिया कप से जारी है ‘नो हैंडशेक’ नीति
पिछले कुछ महीनों में भारत की पुरुष और महिला टीमों ने पाकिस्तान के खिलाफ मैचों में हैंडशेक से दूरी बनाए रखी है. मेन्स एशिया कप 2025 में यह मुद्दा काफी चर्चा में रहा था. यह फैसला जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद लिया गया था.
मैच खेले जाते रहे, लेकिन पारंपरिक हैंडशेक नहीं हुआ. एशिया कप के दौरान भी सूर्यकुमार यादव द्वारा हैंडशेक न करने पर पाकिस्तान की ओर से नाराजगी जताई गई थी. कुछ समय के लिए बहिष्कार की बात भी हुई, लेकिन बाद में पाकिस्तान ने टूर्नामेंट जारी रखा.
इस मामले में जमकर हुई थी बयानबाजी
इस वर्ल्ड कप मुकाबले से पहले भी हैंडशेक को लेकर बयानबाजी हुई थी. भारतीय कप्तान से जब इस बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि 24 घंटे इंतजार करें. वहीं पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने खेल भावना बनाए रखने की बात कही थी.
पहले भी जब पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ नहीं खेलने की बात कही थी, तब हैंडशेक का मुद्दा उठा था. पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने शर्त रखी थी कि भारतीय खिलाड़ी हाथ मिलाएं. हालांकि आईसीसी ने इसे खारिज करते हुए कहा था कि यह फैसला खिलाड़ियों पर निर्भर करता है और यह उसके नियमों के दायरे में नहीं आता.
दोनों टीमों का स्क्वाड
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान (विकेटकीपर), शाहीन आफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक.
भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह.
ये भी पढ़ें- जम्मू कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई, 8,000 संदिग्ध खातों को किया गया फ्रीज; जानें पूरा मामला