IND vs NAM: हार्दिक पांड्या ने की कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी, ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने

टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरी है.

IND vs NAM T20 World Cup Hardik Pandya equals Kohli record
Image Source: ANI

IND vs NAM: टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरी है. पिछली बार टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में ट्रॉफी जीती थी. इस बार भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में है. टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए सभी खिलाड़ियों का अच्छा प्रदर्शन जरूरी है, लेकिन सबसे ज्यादा नजरें स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पर टिकी हुई हैं.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच में यूएसए के खिलाफ हार्दिक बल्ले और गेंद दोनों से खास प्रदर्शन नहीं कर सके थे. हालांकि दूसरे मुकाबले में नामीबिया के खिलाफ उन्होंने दमदार वापसी की और टीम इंडिया की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई.

नामीबिया के खिलाफ ऑलराउंड प्रदर्शन

नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में हार्दिक पंड्या ने पहले बल्लेबाजी में शानदार अर्धशतक जड़ा. उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में 52 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 4 चौके शामिल रहे.

इसके बाद गेंदबाजी में भी हार्दिक ने कमाल दिखाया. अपने चार ओवर में उन्होंने 21 रन देकर 2 विकेट लिए. आखिरी ओवर में उन्होंने लगातार दो विकेट लेकर नामीबिया की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

10 साल बाद कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी

इस मुकाबले में हार्दिक पंड्या ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. टी20 वर्ल्ड कप के एक ही मैच में अर्धशतक लगाने और विकेट लेने का कारनामा उन्होंने दूसरी बार किया. इससे पहले 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने 50 रन बनाए थे और एक विकेट भी लिया था.

इस तरह हार्दिक ने भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. विराट कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ 78 रन बनाने के साथ एक विकेट लिया था. इसके बाद 2016 के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ 89 रन बनाने के साथ एक विकेट झटका था.

ये भी पढ़ें- Love Rashifal: 'किस डे' पर इन 3 राशि के सिंगल लोगों को मिलेगा प्यार, पढ़े आज का लव राशिफल