Public Examination Amendment Bill: पेपर लीक और परीक्षा में होने वाली धांधली रोकने के लिए केंद्र सरकार अब कानून को और सख्त करने जा रही है. पब्लिक एग्जामिनेशन (गलत तरीकों से बचाव) संशोधन बिल, 2026 को सोमवार को लोकसभा में पेश किया जाएगा. इस बिल को केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह सदन में पेश करेंगे.
इस बिल के जरिए सरकार मौजूदा पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) एक्ट, 2024 में बदलाव करने जा रही है. सरकार की कोशिश है कि पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ जल्द और सख्त कार्रवाई हो सके.
पेपर लीक पर लगेगी सख्त सजा
नए संशोधन बिल में पेपर लीक करने वालों के लिए कड़े प्रावधान रखे गए हैं. इसके तहत दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की जेल और 1 करोड़ रुपये से लेकर 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है.
सरकार का मानना है कि सख्त सजा के डर से पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई की जा सकेगी.
तीन महीने में फैसला सुनाने की तैयारी
नए कानून में पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई तेजी से पूरी करने का प्रावधान भी रखा गया है. इसके लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए तीन महीने के अंदर फैसला सुनाने की व्यवस्था की जाएगी. पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए देश के कई शहरों में फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जा चुके हैं और आने वाले समय में अन्य जगहों पर भी ऐसी अदालतें बनाई जाएंगी.
नीट विवाद के बाद सरकार ने उठाया कदम
नीट यूजी परीक्षा में पेपर लीक को लेकर देशभर में बड़ा विवाद हुआ था. बड़ी संख्या में छात्रों ने इस मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था. छात्रों की मांग थी कि पेपर लीक करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और परीक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए.
विरोध बढ़ने के बाद सरकार ने कई बड़े फैसले लिए. इनमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी से जुड़े कई अधिकारियों पर कार्रवाई और पेपर लीक रोकने के लिए नया कानून लाने का फैसला शामिल है.
प्रधानमंत्री ने भी दिए थे संकेत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में वीडियो संदेश जारी कर कहा था कि सरकार पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी को रोकने के लिए कड़े कदम उठा रही है. इसके बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नए संशोधन विधेयक को मंजूरी दी.
अब इसे संसद में पेश कर पास कराने की तैयारी की जा रही है. सरकार का कहना है कि यह कानून देश के करोड़ों छात्रों के हितों की रक्षा करेगा और परीक्षा प्रणाली को ज्यादा सुरक्षित और पारदर्शी बनाएगा.
ये भी पढ़ें- PM Modi Action Mode: NTA पर सबसे बड़ा एक्शन! 47 अधिकारी OUT, PM Modi का क्लीन ऑपरेशन शुरू