सिक्किम में बड़ा हादसा, सड़क बहाली के दौरान भूस्खलन, 2 श्रमिकों ने गंवाई जान

Sikkim Landslide: दक्षिण सिक्किम के नामची जिले में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे में दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं. राबोंग उपमंडल के फामताम-मकरजंग (बरफुंग) इलाके में भूस्खलन के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए.

Major accident in Sikkim Landslide during road restoration work 2 workers lose their lives
Image Source: Social Media

Sikkim Landslide: दक्षिण सिक्किम के नामची जिले में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे में दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं. राबोंग उपमंडल के फामताम-मकरजंग (बरफुंग) इलाके में भूस्खलन के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए.

हादसा उस समय हुआ जब मजदूर भूस्खलन से बंद हुई सड़क को खोलने का काम कर रहे थे. अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिर गए, जिसकी चपेट में छह मजदूर आ गए.

सड़क खोलने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, फामताम गांव के पास बरमेली पुल के नजदीक शनिवार सुबह करीब 11:50 बजे यह हादसा हुआ. सादा गांव और फामताम गांव के बीच भूस्खलन के कारण सड़क बंद हो गई थी. यातायात बहाल करने के लिए छह मजदूर मलबा हटाने का काम कर रहे थे. 

इसी दौरान पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया और मजदूर मलबे में दब गए. इस हादसे में 18 वर्षीय लाल बहादुर राई और 61 वर्षीय मन बहादुर गुरूंग की मौके पर ही मौत हो गई.

चार मजदूर घायल

हादसे में अनिल राई, मोहन बहादुर छेत्री, महेंद्र राई और सोनम वांगदी भूटिया घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों, पुलिस और बचाव टीमों ने तुरंत राहत अभियान शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.

प्रशासन के अनुसार, एक घायल को गंभीर चोटों के कारण बेहतर इलाज के लिए नामची जिला अस्पताल भेजा गया है. वहीं, एक अन्य घायल का इलाज रवांगला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. बाकी घायलों को भी डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.

प्रशासन और विधायक ने लिया हालात का जायजा

हादसे की जानकारी मिलते ही नामची की जिला अधिकारी अनुपा तामलिंग, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस टीम और सड़क एवं पुल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. स्थानीय विधायक रिक्सल दोर्जी भूटिया ने भी घटनास्थल का दौरा किया और राहत कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए.

बारिश के कारण पहाड़ी बनी अस्थिर

जिला प्रशासन ने बताया कि लगातार बारिश के कारण इलाके की पहाड़ी अभी भी कमजोर और अस्थिर बनी हुई है. ऐसे में मलबा हटाने और सड़क बहाल करने का काम सावधानी से किया जा रहा है. प्रशासन ने कहा कि पूरे क्षेत्र की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और सुरक्षा जांच लगातार जारी है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में फिर दिखा पाकिस्तानी ड्रोन, सांबा और कठुआ में सुरक्षा बलों ने चलाया बड़ा सर्च ऑपरेशन