पीएम मोदी के सेल्फी वीडियो ने रचा कीर्तिमान, 24 घंटे में मिले 303 करोड़ व्यूज, टूटा IShowSpeed का रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक सेल्फी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो ने महज 24 घंटे में 30.3 करोड़ (303 मिलियन) से ज्यादा व्यूज हासिल कर नया रिकॉर्ड बना दिया.

PM Modi selfie video sets a record garnering 3.03 billion views in 24 hours IShowSpeed record
Image Source: Social Media

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक सेल्फी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो ने महज 24 घंटे में 30.3 करोड़ (303 मिलियन) से ज्यादा व्यूज हासिल कर नया रिकॉर्ड बना दिया. बताया जा रहा है कि इतने कम समय में किसी इंस्टाग्राम रील को मिले यह सबसे ज्यादा व्यूज हैं.

वीडियो में पीएम मोदी ने NEET पेपर लीक मामले पर छात्रों और युवाओं से बात की. उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसी संदेश की वजह से यह वीडियो लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो गया.

IShowSpeed का रिकॉर्ड पीछे छूटा

इससे पहले सबसे ज्यादा 24 घंटे के व्यूज का रिकॉर्ड अमेरिकी कंटेंट क्रिएटर IShowSpeed के नाम था. उनकी FIFA वर्ल्ड कप 2026 फाइनल के दौरान BTS के साथ बनाई गई इंस्टाग्राम रील को पहले 24 घंटे में करीब 30 करोड़ (300 मिलियन) व्यूज मिले थे. अब पीएम मोदी के वीडियो ने इस आंकड़े को पीछे छोड़ दिया है.

व्यूज और फॉलोअर्स दोनों में बड़ी बढ़ोतरी

वीडियो पोस्ट होने के बाद पीएम मोदी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 10 लाख नए फॉलोअर्स जुड़ गए. खबर लिखे जाने तक वीडियो को 33.2 करोड़ (332 मिलियन) से ज्यादा व्यूज मिल चुके थे.

पीएम मोदी के इंस्टाग्राम पर अब 10.2 करोड़ (102 मिलियन) से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. वीडियो को 1.5 करोड़ (15 मिलियन) से ज्यादा लाइक्स और 13 लाख (1.3 मिलियन) से ज्यादा कमेंट्स भी मिल चुके हैं. शुरुआती 8 घंटे में ही इस वीडियो को 5.6 करोड़ (56 मिलियन) व्यूज और 59 लाख (5.9 मिलियन) लाइक्स मिल गए थे.

पीएम मोदी के ये वीडियो भी रहे खूब वायरल

सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के कई वीडियो पहले भी चर्चा में रह चुके हैं.

NEET पेपर लीक पर बनाया गया यह नया सेल्फी वीडियो सबसे ज्यादा देखा जा रहा है. इसके अलावा "Thank You, Friends" वाला फॉलो-अप वीडियो भी तेजी से वायरल हुआ और उसे 1 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले.

पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान झालमुड़ी खाते हुए पीएम मोदी का वीडियो भी लोगों को काफी पसंद आया था. उसे 10 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले थे.

वंतारा दौरे के दौरान जानवरों के साथ उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. वहीं स्पेस मिशन और खेलों से जुड़ी उनकी कई पोस्ट भी करोड़ों बार देखी जा चुकी हैं.

वीडियो में छात्रों से क्या बोले पीएम मोदी?

वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं लाखों छात्रों और उनके परिवारों के लिए चिंता का विषय हैं. उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले कुछ महीनों में इस मामले में कई बड़े कदम उठाए हैं और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की सबसे बड़ी कोशिश यह रही कि छात्रों का एक साल खराब न हो. इसी वजह से कम समय में करीब 22 लाख छात्रों की परीक्षा कराने की व्यवस्था की गई.

वीडियो के अंत में पीएम मोदी ने छात्रों से मेहनत जारी रखने और भविष्य को लेकर निराश न होने की अपील की.

ये भी पढ़ें- दिल्ली मेट्रो पर लगातार चौथे दिन ब्रेक, आज 18 स्टेशन रहेंगे बंद, घर से निकलने से पहले पढ़ लें अपडेट