जम्मू-कश्मीर में फिर दिखा पाकिस्तानी ड्रोन, सांबा और कठुआ में सुरक्षा बलों ने चलाया बड़ा सर्च ऑपरेशन

Jammu & Kashmir News: अमरनाथ यात्रा के बीच पाकिस्तान ने एक बार फिर अपनी नापाक हरकतों को अंजाम देने की कोशिश की है. शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात जम्मू के सांबा और कठुआ जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास ड्रोन देखे गए.

Pakistani drone spotted Jammu & Kashmir Security forces launch search operation Samba Kathua
Image Source: ANI

Jammu & Kashmir News: अमरनाथ यात्रा के बीच पाकिस्तान ने एक बार फिर अपनी नापाक हरकतों को अंजाम देने की कोशिश की है. शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात जम्मू के सांबा और कठुआ जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास ड्रोन देखे गए. इसके बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत सतर्क होकर पूरे इलाके में बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया.

दो जगहों पर दिखा ड्रोन

शुक्रवार देर शाम कठुआ के हीरानगर सेक्टर के बोबियां इलाके (चक नलुआ गांव) में आसमान में तेज रोशनी दिखाई दी. सीमा पर तैनात जवानों ने तुरंत इसे देखा. हालांकि, कुछ देर हवा में रहने के बाद यह रोशनी वापस पाकिस्तान की तरफ लौट गई. 

ठीक इसी तरह की गतिविधि सांबा के विजयपुर सेक्टर के तारोर गांव के ऊपर भी दर्ज की गई. यहां तैनात जवानों ने भी आसमान में चमकती हुई संदिग्ध रोशनी देखी, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह पाकिस्तान का निगरानी ड्रोन था.

सुरक्षा बलों का व्यापक सर्च ऑपरेशन

ड्रोन दिखने की खबर मिलते ही शनिवार सुबह सुरक्षा बलों ने दोनों जिलों में मोर्चा संभाल लिया. जिन इलाकों में ड्रोन देखे गए थे, वहां चप्पे-चप्पे की बारीकी से तलाशी ली गई. सेना और पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि इन ड्रोनों के जरिए पाकिस्तान ने भारतीय सीमा के भीतर कोई हथियार, गोला-बारूद या ड्रग्स (नारकोटिक्स) तो नहीं गिराए हैं.

पाकिस्तान की साजिशें हो रही हैं नाकाम

पाकिस्तान लगातार सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ भेजने की फिराक में रहता है. हालांकि, भारतीय सुरक्षा बलों की चौकसी के कारण उनकी यह साजिशें बार-बार नाकाम हो रही हैं. 

सुरक्षा बलों ने पहले भी कई बार ऐसी हरकतों को विफल करते हुए भारी मात्रा में हथियार और नारकोटिक्स बरामद किए हैं. ताजा मामलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को फिलहाल किसी भी तरह की आपत्तिजनक चीज या संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है.

ये भी पढ़ें- नीट पेपर लीक आंदोलन पर सीएम योगी का पहला बयान, बोले - नकल माफिया को मिट्टी में मिला देंगे