Dharmendra Pradhan Resign: धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा मंत्री के पद से दिया इस्तीफा, पीएम मोदी को भेजा त्यागपत्र

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले एक महीने से छात्र और युवा लगातार उनके इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे.

Dharmendra Pradhan resigns as Education Minister sends resignation letter to PM Modi
Image Source: ANI

Dharmendra Pradhan Resign: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले एक महीने से छात्र और युवा लगातार उनके इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे.

हाल ही में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं ने सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी. उन्होंने साफ कर दिया था कि जब तक शिक्षा मंत्री अपने पद से नहीं हटते, तब तक यह आंदोलन खत्म नहीं होगा. शनिवार को इस्तीफा देते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि उन्हें देश के लोकतंत्र पर पूरा भरोसा है.

जंतर-मंतर पर जश्न का माहौल

धर्मेंद्र प्रधान के हटते ही जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे CJP के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जताई. पार्टी नेता अभिजीत दिपके ने समर्थकों को संबोधित करते हुए इसे अपनी बड़ी सफलता बताया.

धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पत्र में क्या लिखा?

अपने त्यागपत्र में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि वे पिछले 40 सालों से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधारों के काम से जुड़े रहे हैं. उनका मानना है कि एक मजबूत और अच्छी शिक्षा व्यवस्था ही देश का भविष्य बनाती है.

CBI जांच और नई परीक्षा: NEET-UG परीक्षा में हुई गड़बड़ियों पर उन्होंने कहा कि सरकार ने तुरंत एक्शन लिया और मामला CBI को सौंपा. परीक्षा को रद्द करके दोबारा कराने का फैसला किया गया.

अब कंप्यूटर पर होगी परीक्षा: उन्होंने जानकारी दी कि अगले साल से NEET-UG परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी.

समय पर परीक्षा कराना प्राथमिकता: उन्होंने बताया कि 21 जून 2026 को केंद्र और राज्यों के सहयोग से 20 लाख से ज्यादा छात्रों की परीक्षा सुरक्षित तरीके से पूरी कराई गई.

अंत में उन्होंने लिखा कि उन्होंने पहले दिन से ही इस पूरे मामले की जिम्मेदारी ली है और वे किसी भी हाल में होनहार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे.