युवाओं से जुड़ने के लिए बीजेपी की नई टीम तैयार, नितिन नबीन-स्मृति ईरानी समेत इन्हें मिली जिम्मेदारी

BJP Gen Z Outreach: NEET परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक को लेकर देशभर में Gen Z युवाओं के प्रदर्शन के बाद अब बीजेपी का फोकस इस वर्ग पर बढ़ गया है. पार्टी युवाओं के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने और उनके साथ बेहतर जुड़ाव बनाने की कोशिश कर रही है.

BJP new team ready connect with the youth Nitin Nabin Smriti Irani entrusted with responsibilities
Image Source: ANI

BJP Gen Z Outreach: NEET परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक को लेकर देशभर में Gen Z युवाओं के प्रदर्शन के बाद अब बीजेपी का फोकस इस वर्ग पर बढ़ गया है. पार्टी युवाओं के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने और उनके साथ बेहतर जुड़ाव बनाने की कोशिश कर रही है. इसी कड़ी में बीजेपी ने देशभर के युवाओं से सीधे संवाद करने के लिए एक नई टीम बनाई है.

जानकारी के मुताबिक, इस टीम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, गुजरात के मंत्री हर्ष संघवी, छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई अन्य नेता शामिल हैं. आने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी का यह कदम काफी अहम माना जा रहा है.

युवाओं के बीच पहुंचेगी बीजेपी की टीम

बीजेपी इस नई टीम के जरिए Gen Z के लिए ‘जेन ज़ेड आउटरीच प्रोग्राम’ शुरू करने की तैयारी में है. टीम के सदस्य अगले महीने से देश के अलग-अलग हिस्सों में युवाओं के बीच पहुंचेंगे और उनसे सीधे बातचीत करेंगे.

पार्टी का मानना है कि नई पीढ़ी के साथ लगातार संवाद बनाए रखना जरूरी है. इस कार्यक्रम के जरिए युवाओं की सोच, उनकी समस्याओं और भविष्य को लेकर उनकी उम्मीदों को समझने की कोशिश की जाएगी.

टीम में कौन-कौन शामिल?

पार्टी के एक वरिष्ठ सूत्र के अनुसार, इस आउटरीच टीम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े के अलावा गुजरात के मंत्री हर्ष संघवी, छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी और कई अन्य नेता शामिल किए गए हैं.

टीम में संगठन से जुड़े अनुभवी नेताओं के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे नेताओं को भी जगह दी गई है. इसके जरिए पार्टी युवाओं तक अपनी बात पहुंचाने के साथ उनकी बात सुनने पर भी जोर देगी.

जल्द शुरू होगा कार्यक्रम

बीजेपी जल्द ही Gen Z के साथ इस आउटरीच कार्यक्रम की शुरुआत कर सकती है. इसका मकसद युवाओं के साथ सीधा और लगातार संवाद कायम करना है. कार्यक्रम के दौरान Gen Z की पढ़ाई, रोजगार, करियर और दूसरी चिंताओं के साथ उनकी उम्मीदों पर भी चर्चा की जाएगी. इसके अलावा युवाओं को बीजेपी नेताओं से सीधे बातचीत करने और अपने मुद्दे रखने का मौका भी दिया जाएगा.

युवा वोटरों पर नजर

बीजेपी इस पहल के जरिए युवा वोटरों के साथ अपना जुड़ाव मजबूत करना चाहती है. पार्टी की कोशिश है कि युवाओं के बीच अपनी पहुंच बढ़ाई जाए और अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए उनसे लगातार संपर्क रखा जाए.

टीम में अनुभवी नेताओं के साथ युवा नेताओं को शामिल करना भी पार्टी की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. इससे संगठन का अनुभव और युवा नेतृत्व दोनों को एक साथ लाने की कोशिश की गई है. कार्यक्रम की तारीख, तरीका और अलग-अलग जगहों की जानकारी जल्द सामने आने की उम्मीद है.

राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक

इससे पहले शनिवार को बीजेपी की संगठन में हुए बदलाव के बाद राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक हुई. बैठक में नए नियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई. इसके अलावा जमीनी स्तर पर लोगों तक पहुंच बढ़ाने को लेकर भी बातचीत हुई. बैठक शुरू होने से पहले राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सभी छह पद गाए गए.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान में छिपे हाफिज सईद पर शिकंजा कसेगा भारत, लाहौर भेजा जाएगा NIA का समन, जानें एक्शन प्लान