उत्तर भारत में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर बिहार, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है. ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के आसपास बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. मौसम विभाग ने 21 अगस्त के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. आने वाले दिनों में भी कई क्षेत्रों में बारिश से राहत मिलने के आसार कम हैं.
दिल्ली-एनसीआर में चार दिन बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले चार दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. IMD के मुताबिक 21, 22 और 23 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. 22 अगस्त को अधिकतम तापमान करीब 32 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 23 अगस्त को तापमान 32 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. 24 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि 25 अगस्त को तापमान 35 और 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इस दौरान वातावरण में नमी भी बनी रहेगी.
मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने वाला है. उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से 21 अगस्त को पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. पिछले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश दर्ज की गई. वहीं उत्तराखंड, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, असम, नागालैंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हुई. IMD ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 20 से 24 अगस्त के बीच गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है.
बिहार के 19 जिलों में अलर्ट, तेज हवाओं के साथ बारिश
बिहार में मौसम विभाग ने 19 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में ऑरेंज अलर्ट के साथ भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.
हिमाचल में 25 अगस्त तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
हिमाचल प्रदेश में भी मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, हमीरपुर और ऊना के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. हाल के घंटों में कांगड़ा, सुंदरनगर, कुफरी, शिमला और मुरारी देवी में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गई हैं. शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने 25 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है.
राजस्थान में कमजोर रहेगा मानसून, कुछ हिस्सों में बारिश
राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकतर क्षेत्रों में अगले एक सप्ताह मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है. हालांकि गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के इलाकों में 21 से 23 अगस्त के बीच कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पूर्वी राजस्थान में भी मानसून कमजोर रहने के आसार हैं, लेकिन उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के कुछ इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. 20 से 23 अगस्त के बीच भरतपुर, जयपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है.
कई राज्यों में अगले दिनों तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के पूर्वानुमान से साफ है कि आने वाले दिनों में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का सिलसिला बना रह सकता है. कुछ राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा भी रहेगा. ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी स्थानीय चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान खुले इलाकों से बचने की सलाह दी गई है. दिल्ली-एनसीआर में जहां बारिश से तापमान में राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं कई राज्यों में लगातार बारिश स्थानीय स्तर पर परेशानी भी बढ़ा सकती है.
ये भी पढ़ें: सोरेन सरकार को हाई कोर्ट से बड़ा झटका, JPSC परीक्षाओं-नियुक्तियों को रद्द करने के फैसले पर लगाई रोक