MEA On Pakistan: जम्मू-कश्मीर को लेकर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की टिप्पणी पर पाकिस्तान ने कड़ा ऐतराज जताया है. पाकिस्तान ने 19 अगस्त को इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास की प्रभारी अधिकारी नताली बेकर को तलब किया और अपना विरोध दर्ज कराया. अब इस मामले पर भारत की प्रतिक्रिया भी सामने आई है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान की आपत्ति पर कहा कि उन्हें पाकिस्तान की नाराजगी पर टिप्पणी करने का कोई कारण नहीं दिखता. उन्होंने साफ कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न और अविभाज्य हिस्से हैं और आगे भी रहेंगे.
अमेरिकी राजदूत के बयान पर पाकिस्तान ने जताया विरोध
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, अमेरिकी राजदूत की जम्मू-कश्मीर को लेकर की गई टिप्पणी पर औपचारिक विरोध दर्ज कराया गया है. पाकिस्तान ने उस बयान को खारिज किया, जिसमें जम्मू-कश्मीर को भारत का हिस्सा बताया गया था.
पाकिस्तान का कहना है कि जम्मू-कश्मीर एक विवादित क्षेत्र है और इसका अंतिम फैसला संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों और वहां के लोगों की इच्छा के आधार पर होना चाहिए. पाकिस्तान ने यह भी कहा कि अमेरिकी राजदूत की टिप्पणी उसके अनुसार इस मुद्दे पर अमेरिका के पुराने रुख से अलग है. पाकिस्तान ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र के नियमों के खिलाफ भी बताया.
भारत ने कहा- जम्मू-कश्मीर हमेशा भारत का हिस्सा रहेगा
भारत ने पाकिस्तान के विरोध को ज्यादा तवज्जो नहीं दी. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साफ शब्दों में कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश हैं और भारत का अभिन्न तथा अविभाज्य हिस्सा हैं. उन्होंने पाकिस्तान की नाराजगी पर कहा कि इस पर टिप्पणी करने की कोई जरूरत नहीं है.
जम्मू-कश्मीर दौरे पर पहुंचे थे सर्जियो गोर
इस विवाद की शुरुआत अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के जम्मू-कश्मीर दौरे के दौरान दिए गए बयान से हुई. अपने दौरे के दौरान उन्होंने क्षेत्र की खूबसूरती की तारीफ की और कहा कि वह यहां आकर काफी उत्साहित हैं.
सर्जियो गोर ने यह भी कहा था कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के लिए जारी अपनी यात्रा संबंधी सलाह पर दोबारा विचार करेगा. उन्होंने जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया था. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हुई बैठक अच्छी रही और कुछ मुद्दों पर आगे भी काम किया जाना है. इन मुद्दों को भारत और अमेरिका की सरकारों के बीच आगे की बातचीत में रखा जाएगा.
भारत-पाकिस्तान के बीच फिर बढ़ी बयानबाजी
जम्मू-कश्मीर को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से मतभेद रहे हैं. अमेरिकी राजदूत के ताजा बयान के बाद पाकिस्तान की आपत्ति और भारत के जवाब से एक बार फिर इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें- बार-बार जमीन मांगी, नहीं दिया... चिकन नेक कॉरिडोर पर अमित शाह का ममता बनर्जी पर वार, जानें क्या कहा