PM Kisan Samman Nidhi: देश में करोड़ों किसान खेती पर निर्भर हैं. इनमें कई किसान ऐसे हैं जिनकी कमाई ज्यादा नहीं है. ऐसे किसानों की आर्थिक मदद के लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं चलाती है. इनमें पीएम किसान सम्मान निधि योजना भी शामिल है. इस योजना के तहत किसानों को साल में तीन किस्तों में 2-2 हजार रुपये यानी कुल 6 हजार रुपये सीधे बैंक खाते में दिए जाते हैं.
अब तक इस योजना की 23 किस्तें जारी हो चुकी हैं और करोड़ों किसान इसका फायदा उठा चुके हैं. लेकिन कुछ किसानों के खाते में लंबे समय से किस्त का पैसा नहीं आया है. अगर आपको भी पिछले एक साल से पीएम किसान की किस्त नहीं मिली है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ जरूरी काम पूरे करने के बाद आपकी रुकी हुई किस्त मिल सकती है.
किस वजह से रुक सकती है किस्त?
पीएम किसान योजना की किस्त लंबे समय से नहीं मिलने के पीछे कई कारण हो सकते हैं. सरकार ने योजना में गलत तरीके से फायदा लेने वालों को रोकने के लिए नियम सख्त किए हैं. ऐसे में कई किसानों की किस्त भी रुक गई है.
किस्त रुकने की सबसे बड़ी वजह ई-केवाईसी पूरी न होना है. अगर किसान ने ओटीपी या बायोमेट्रिक के जरिए ई-केवाईसी नहीं कराई है तो किस्त रुक सकती है. दूसरी वजह लैंड सीडिंग यानी जमीन का सत्यापन न होना है. अगर सरकारी रिकॉर्ड में जमीन की जानकारी सही नहीं मिलती है तो भी पैसा अटक सकता है.
इसके अलावा अगर किसान का आधार बैंक खाते से एनपीसीआई के जरिए लिंक नहीं है तो डीबीटी के माध्यम से पैसा खाते में नहीं पहुंच पाता.
घर बैठे चेक करें स्टेटस
अगर पिछले एक साल से किस्त नहीं मिली है तो सबसे पहले अपना स्टेटस चेक करें. इसके लिए पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं. यहां Know Your Status विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद रजिस्ट्रेशन नंबर या मोबाइल नंबर डालकर पता कर सकते हैं कि किस्त किस वजह से रुकी हुई है.
अगर ई-केवाईसी के सामने No लिखा है तो आधार ओटीपी की मदद से घर बैठे ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं. जिन किसानों के आधार में मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, वे नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर जाकर बायोमेट्रिक के जरिए ई-केवाईसी करा सकते हैं.
ऐसे मिल सकता है पिछला पैसा
अगर स्टेटस में लैंड सीडिंग No दिखाई दे रही है तो किसान अपने ब्लॉक के कृषि विभाग कार्यालय या तहसील में जाकर पटवारी से संपर्क कर सकते हैं. वहां जमीन की खतौनी और आधार की कॉपी देकर जमीन का सत्यापन कराया जा सकता है.
वहीं बैंक खाते में डीबीटी शुरू कराने के लिए बैंक शाखा जाकर एनपीसीआई मैपिंग की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. ई-केवाईसी, जमीन का सत्यापन और बैंक खाता सही तरीके से वेरीफाई होने के बाद रुकी हुई किस्तों के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है.
अगर सभी जरूरी जानकारी सही होने के बाद भी पैसा नहीं मिल रहा है तो किसान पीएम किसान की हेल्पलाइन 155261 या 011-24300606 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा [email protected] पर ईमेल के जरिए भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
ये भी पढ़ें- भारत के एक्शन से पाकिस्तान में खौफ, हाफिज सईद को ISI ने घर में किया कैद, जान बचाने में जुटी सेना!