Tariq Rahman Oath Ceremony: बांग्लादेश में चुनाव में बड़ी जीत के बाद बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं. उनका शपथ ग्रहण समारोह 17 फरवरी 2026 को ढाका में होगा. इस कार्यक्रम में भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिसरी शामिल होंगे. इससे पहले बीएनपी नेता एएनएम एहसानुल हक मिलन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी समारोह में आने का निमंत्रण देने की बात कही थी.
भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया कि 17 फरवरी को ढाका में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे. मंत्रालय ने कहा कि यह भागीदारी भारत और बांग्लादेश के बीच गहरे और मजबूत संबंधों को दिखाती है. भारत ने तारिक रहमान के नेतृत्व में नई सरकार के गठन का स्वागत भी किया है.
कहां होगा शपथ ग्रहण समारोह
बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन 17 फरवरी को राष्ट्रीय संसद परिसर के साउथ प्लाजा में नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे. अब तक शपथ समारोह राष्ट्रपति भवन में होते रहे हैं, लेकिन इस बार स्थान बदला गया है. उसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक का कार्यक्रम भी तय है.
भारत से रिश्तों पर नया संकेत
शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग के सत्ता से हटने के बाद बांग्लादेश ने भारत के साथ संबंधों को नए तरीके से आगे बढ़ाने की इच्छा जताई है. तारिक रहमान के सलाहकार हुमायूं कबीर ने कहा कि दोनों देशों को आपसी लाभ के लिए साथ मिलकर काम करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में बदली राजनीतिक स्थिति को भारत को स्वीकार करना चाहिए. उनका कहना है कि जनता ने बीएनपी के पक्ष में स्पष्ट फैसला दिया है. उन्होंने अगस्त 2024 के जनआंदोलन के बाद भारत गईं शेख हसीना पर गंभीर आरोप भी लगाए.
हसीना को लेकर बयान
तारिक रहमान के सलाहकार ने भारत सरकार से आग्रह किया कि वह शेख हसीना या अवामी लीग के अन्य नेताओं को बांग्लादेश की स्थिरता के खिलाफ किसी गतिविधि के लिए अपनी जमीन इस्तेमाल न करने दे. उन्होंने कहा कि एक बार यह मुद्दा सुलझ जाए तो दोनों देशों के बीच सामान्य कूटनीतिक सहयोग फिर से मजबूत हो सकता है. उन्होंने यह भी दोहराया कि भारत और बांग्लादेश पड़ोसी देश हैं और दोनों को आपसी फायदे के लिए साथ काम करना चाहिए.
ये भी पढ़ें- PM Kisan: पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त का इंतजार खत्म! इस दिन बैंक खाते में आएंगे 2,000 रुपये