Mar A Lago Breach: अमेरिका के फ्लोरिडा में स्थित मार-ए-लागो में रविवार सुबह एक बड़ी सुरक्षा घटना सामने आई. यहां यूएस सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने एक 20 साल के युवक को गोली मार दी, जब वह सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था. यह वही जगह है जहां डोनाल्ड ट्रंप का निजी आवास है, जिसे अक्सर उनका “विंटर व्हाइट हाउस” भी कहा जाता है. हालांकि घटना के समय ट्रंप वहां मौजूद नहीं थे.
सीक्रेट सर्विस के अनुसार, यह घटना स्थानीय समय के मुताबिक रविवार सुबह करीब 1:30 बजे हुई. एजेंटों ने मार-ए-लागो के नॉर्थ गेट के पास एक संदिग्ध युवक को देखा, जो सुरक्षा घेरे के अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था. जब सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई और मुठभेड़ जैसी स्थिति बन गई. इसके बाद एजेंटों ने कार्रवाई करते हुए युवक पर गोली चला दी.
A man entered Mar a Lago grounds with a shotgun and a fuel can at 1:30 am and was shot and killed by secret service. pic.twitter.com/MjHjUEOgEN
— Clay Travis (@ClayTravis) February 22, 2026
संदिग्ध के पास क्या मिला
जांच के दौरान युवक के पास से एक शॉटगन और फ्यूल कैन (ईंधन का डिब्बा) बरामद किया गया. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह किसी गंभीर वारदात की योजना बना सकता था. हालांकि अधिकारियों ने अभी तक उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है और उसके इरादों की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है.
सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
घटना के बाद एफबीआई, सीक्रेट सर्विस और स्थानीय पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी. अधिकारियों का कहना है कि वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि युवक कौन था, वह वहां क्यों पहुंचा और क्या उसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मार-ए-लागो जैसे हाई-प्रोफाइल और बेहद सुरक्षित इलाके में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह जगह हमेशा कड़ी सुरक्षा में रहती है, इसलिए इस घटना को एक बड़ी चूक के रूप में भी देखा जा रहा है.
कोई अन्य हताहत नहीं
अच्छी बात यह रही कि इस घटना में सीक्रेट सर्विस या पुलिस का कोई भी जवान घायल नहीं हुआ. साथ ही उस समय वहां कोई बड़ा नेता या खास व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे स्थिति और गंभीर नहीं हुई.
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से इसकी पड़ताल कर रही हैं, ताकि यह साफ हो सके कि यह सिर्फ घुसपैठ की कोशिश थी या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी हुई थी.
ये भी पढ़ें- “गंगा-जॉर्डन में काफी पानी बह गया”, पीएम मोदी के दौरे से पहले नेतन्याहू ने जताई खुशी, खास स्वागत की तैयारी