AI, अंगदान से लेकर डिजिटल सुरक्षा तक... मन की बात में पीएम मोदी की बड़ी बातें, देश को दिए 3 मंत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड में दिल्ली में आयोजित ग्लोबल AI इम्पैक्ट समिट का जिक्र किया.

PM Modi in Mann Ki Baat 3 mantras given to the country
Image Source: ANI

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड में दिल्ली में आयोजित ग्लोबल AI इम्पैक्ट समिट का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि इस समिट में दुनिया भर के नेता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ शामिल हुए.

पीएम ने कहा कि भारत ने इस मंच पर दिखाया कि किस तरह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से प्राचीन ग्रंथों और पांडुलिपियों को सुरक्षित किया जा रहा है. सुश्रुत संहिता को डिजिटल टेक्स्ट में बदलकर अलग-अलग भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है. उन्होंने बताया कि भारत ने अपने तीन AI मॉडल भी पेश किए और यह समिट काफी सफल रही.

रमजान और होली पर दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री ने देशवासियों को रमजान के पवित्र महीने की बधाई दी और आने वाली होली को खुशी और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की.

भारतीय मूल के खिलाड़ियों का जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि कई देशों की टीमों में भारतीय मूल के खिलाड़ी खेल रहे हैं. उन्होंने बताया कि कनाडा टीम के कप्तान का जन्म पंजाब के गुरदासपुर में हुआ था, जबकि अमेरिका टीम के कप्तान मोनांक पटेल गुजरात से जुड़े रहे हैं. ओमान, इटली और यूएई की टीमों में भी भारतीय मूल के खिलाड़ी शामिल हैं.

अंगदान को बताया जीवन देने वाला कदम

प्रधानमंत्री ने देश में अंगदान की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने केरल की 10 महीने की बच्ची आलीन का उदाहरण दिया, जिसके माता-पिता ने उसके अंग दान करने का फैसला लिया.

इसके अलावा दिल्ली की लक्ष्मी देवी और राजस्थान के सीकर के रामदेव का भी जिक्र किया, जिनकी जिंदगी ट्रांसप्लांट के बाद बेहतर हुई. पीएम ने कहा कि अंगदान से कई लोगों को नया जीवन मिल सकता है.

राजाजी उत्सव का होगा आयोजन

पीएम मोदी ने बताया कि 23 फरवरी को राष्ट्रपति भवन में राजाजी उत्सव मनाया जाएगा. इस दौरान सी. राजगोपालाचारी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा. उन्होंने कहा कि राजाजी का जीवन देश के लिए प्रेरणादायक है.

डिजिटल ठगी से बचने की दी सलाह

प्रधानमंत्री ने डिजिटल फ्रॉड को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अगर खुद को अधिकारी बताकर निजी जानकारी मांगे तो सावधान रहें. बैंक से जुड़े KYC जैसे काम सोच-समझकर ही करें.

खेती में बढ़ रहा तकनीक का इस्तेमाल

पीएम मोदी ने कहा कि देश के किसान अब परंपरा के साथ-साथ तकनीक का भी उपयोग कर रहे हैं. इससे उत्पादन बढ़ रहा है और कृषि उत्पाद विदेशों तक पहुंच रहे हैं.

प्रधानमंत्री ने परीक्षा दे रहे छात्रों को हिम्मत रखने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि मार्कशीट ही सब कुछ नहीं होती, इसलिए आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें और किसी भी दबाव में न आएं.

ये भी पढ़ें- भारत में आतंकी हमले की साजिश बेनकाब! तमिलनाडु से 6 और बंगाल से दो संदिग्ध अरेस्ट, ISI से है कनेक्शन