पाकिस्तान बॉर्डर पर गरजेंगे सुखोई, राफेल समेत कई फाइटर जेट्स, आसमान में ताकत दिखाएगी भारतीय वायुसेना

भारतीय वायुसेना एक बार फिर अपनी ताकत का बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है. 27 फरवरी से राजस्थान के जैसलमेर स्थित पोखरण में ‘वायुशक्ति-2026’ अभ्यास का आयोजन होगा.

Indian Air Force Rafale And Sukhoi Jets Exercise Pakistan Border
Image Source: ANI

Indian Air Force: भारतीय वायुसेना एक बार फिर अपनी ताकत का बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है. 27 फरवरी से राजस्थान के जैसलमेर स्थित पोखरण में ‘वायुशक्ति-2026’ अभ्यास का आयोजन होगा. खास बात यह है कि यह इलाका पाकिस्तान सीमा से करीब 270 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे इस अभ्यास का रणनीतिक महत्व और बढ़ जाता है.

आसमान में दिखेगी लड़ाकू ताकत

इस बड़े सैन्य अभ्यास में भारतीय वायुसेना अपने सबसे आधुनिक और ताकतवर विमानों का प्रदर्शन करेगी. इसमें तेजस, राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, मिग-29 और जगुआर जैसे फाइटर जेट शामिल होंगे. इसके अलावा हॉक ट्रेनर एयरक्राफ्ट भी हिस्सा लेंगे.

सिर्फ लड़ाकू विमान ही नहीं, बल्कि सी-130जे, सी-17 और सी-295 जैसे परिवहन विमान भी अपनी क्षमता दिखाएंगे. हेलीकॉप्टर बेड़े में अपाचे, चिनूक, मि-17, एएलएच एमके-IV और एलसीएच जैसे उन्नत हेलीकॉप्टर भी शामिल होंगे.

उन्नत हथियारों का भी होगा प्रदर्शन

इस अभ्यास में आधुनिक हथियार प्रणालियों का भी प्रदर्शन किया जाएगा. आकाश और स्पाइडर जैसी मिसाइल सिस्टम के साथ-साथ शॉर्ट रेंज लॉइटरिंग म्यूनिशन और काउंटर अनमैन्ड एरियल सिस्टम (सीयूएएस) का उपयोग दिखाया जाएगा.

अभ्यास के दौरान दिन, शाम और रात तीनों समय में मिशन चलाकर वायुसेना अपनी हर परिस्थिति में काम करने की क्षमता को प्रदर्शित करेगी.

‘अचूक, अभेद्य और सटीक’ होगी थीम

वायुशक्ति-2026 का मुख्य उद्देश्य वायुसेना की त्वरित प्रतिक्रिया, सटीक हमले की क्षमता और एयर डोमिनेंस को दिखाना है. यह अभ्यास ‘अचूक, अभेद्य और सटीक’ जैसे मूल्यों पर आधारित होगा. साथ ही इसमें मानवीय सहायता और राहत कार्यों में वायुसेना की भूमिका भी प्रदर्शित की जाएगी.

भारतीय वायुसेना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस अभ्यास की जानकारी साझा की है. वायुसेना ने बताया कि पोखरण में होने वाला यह अभ्यास उसकी पेशेवर क्षमता और ऑपरेशनल उत्कृष्टता का प्रदर्शन करेगा. इस पूरे कार्यक्रम का लाइव प्रसारण वायुसेना के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखा जा सकेगा.

ये भी पढ़ें- Chandra Grahan: होली के दिन चंद्र ग्रहण, कब होगा सूतक काल, भारत में दिखेगा या नहीं? जाने सबकुछ