भारत में आतंकी हमले की साजिश बेनकाब! तमिलनाडु से 6 और बंगाल से दो संदिग्ध अरेस्ट, ISI से है कनेक्शन

देश की खुफिया एजेंसियों से आतंकी हमले की आशंका मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आतंकी साजिश का खुलासा किया है.

Terrorist attack alert 8 suspects arrested from Tamil Nadu and Bengal
Image Source: ANI

नई दिल्ली: देश की खुफिया एजेंसियों से आतंकी हमले की आशंका मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आतंकी साजिश का खुलासा किया है. इस कार्रवाई में तमिलनाडु से छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल बताया जा रहा है. सभी आरोपियों को आगे की जांच के लिए दिल्ली लाया जा रहा है.

सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने तुरंत कदम उठाते हुए रविवार को तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की. पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और बांग्लादेश से जुड़े आतंकी नेटवर्क के संपर्क में थे और देश में बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे.

गारमेंट फैक्ट्रियों में छिपे थे आरोपी

गिरफ्तार किए गए संदिग्धों की पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबाहत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के रूप में हुई है. पुलिस ने इन्हें उथुकुली, पल्लडम और तिरुमुरुगनपूंडी इलाकों से पकड़ा, जहां ये कपड़ा फैक्ट्रियों में काम करते हुए रह रहे थे.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये लोग लंबे समय से फर्जी पहचान पत्रों के सहारे भारत में रह रहे थे. बताया जा रहा है कि इन्होंने फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर अपनी असली पहचान छिपा रखी थी.

दिल्ली समेत कई शहरों की कर चुके थे रेकी

जांच एजेंसियों के मुताबिक, इन संदिग्धों ने दिल्ली सहित कई बड़े शहरों की रेकी की थी. दिल्ली में ‘फ्री कश्मीर’ के पोस्टर लगाने के मामले में भी इनके शामिल होने की आशंका जताई जा रही है. इसके अलावा ये लोग संदिग्ध गतिविधियों में सक्रिय थे और आतंकी नेटवर्क को लॉजिस्टिक मदद पहुंचा रहे थे.

सूत्रों के अनुसार, इन आरोपियों को विदेश से फंडिंग मिलने की बात भी सामने आई है. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह पैसा किन माध्यमों से भारत पहुंचा और इसके पीछे कौन-कौन से संगठन जुड़े हैं.

ये भी पढ़ें- Chandra Grahan: होली के दिन चंद्र ग्रहण, कब होगा सूतक काल, भारत में दिखेगा या नहीं? जाने सबकुछ