SOG Kishtwar Action: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रविवार को सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस कार्रवाई में सेना और विशेष अभियान समूह (एसओजी) की संयुक्त टीम ने दो आतंकियों को मार गिराया, जबकि एक आतंकी घायल होने की खबर है. बताया जा रहा है कि मारे गए आतंकियों में जैश-ए-मोहम्मद का एक बड़ा कमांडर भी शामिल है, जिस पर 10 लाख रुपये का इनाम था. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पूरे इलाके में फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है.
जानकारी के मुताबिक, किश्तवाड़ के छातरू क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सेना और एसओजी की टीम ने इलाके को घेर लिया. इसके बाद दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई. इस मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए और एक घायल हो गया. सभी आतंकी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े बताए जा रहे हैं. सुरक्षा बल ड्रोन और हेलीकॉप्टर की मदद से भी इलाके पर नजर बनाए हुए हैं.
#WATCH | J&K | Security Forces conduct cordon & search operation as an encounter has started between security forces and terrorists in the Chatroo area of Kishtwar
— ANI (@ANI) February 22, 2026
(Visuals deferred by unspecified time; no live operational details disclosed) pic.twitter.com/AkHiUKaDQo
36 दिनों से चल रहा था ऑपरेशन
सूत्रों के अनुसार, पिछले करीब 36 दिनों से किश्तवाड़ के जंगलों में आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान पहले भी जैश का एक आतंकी आदिल मारा जा चुका है. वहीं, सैफुल्ला समेत उसके कुछ साथी अब तक छिपे हुए थे. अब मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों में सैफुल्ला के शामिल होने की बात सामने आ रही है, लेकिन इसकी पुष्टि बाकी है.
कई इलाकों में इंटरनेट सेवा बंद
मुठभेड़ के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने छातरू, सिंहपुरा, चिंगम और कौशल समेत आसपास के इलाकों को घेर लिया है और तलाशी अभियान तेज कर दिया है. एहतियात के तौर पर इन क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं, ताकि आतंकी किसी तरह का संपर्क न कर सकें. अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही पूरी जानकारी साझा की जाएगी.
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने मेरठ में मेट्रो-रैपिड रेल का किया उद्घाटन, स्कूली बच्चों संग किया सफर, देखें VIDEO