Android 17 Update: गूगल के अगले बड़े सॉफ्टवेयर अपडेट Android 17 से जुड़ी नई जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी इस बार अपडेट को तय समय से पहले जारी कर सकती है. Android 17 का कोडनेम “सिनेमन बन” बताया जा रहा है और इसका काम तेजी से चल रहा है. माना जा रहा है कि इसका बीटा वर्जन फरवरी या मार्च 2026 में आ सकता है, जबकि स्टेबल वर्जन जून 2026 तक जारी किया जा सकता है.
आमतौर पर एंड्रॉयड का बीटा वर्जन साल के बीच में आता है, लेकिन इस बार शेड्यूल पहले हो सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक Android 17 Beta 1 फरवरी के आखिर या मार्च 2026 की शुरुआत में लॉन्च हो सकता है. अगर ऐसा होता है तो पब्लिक बीटा भी जल्दी आ जाएगा और जून 2026 तक स्टेबल वर्जन जारी किया जा सकता है. हमेशा की तरह सबसे पहले Pixel डिवाइस को यह अपडेट मिलेगा, उसके बाद बाकी कंपनियां अपने-अपने फोन में इसे रोलआउट करेंगी.
डिजाइन में छोटे बदलाव, फीचर्स बेहतर
लीक जानकारी के अनुसार Android 17 में बहुत बड़ा डिजाइन बदलाव नहीं होगा, लेकिन इंटरफेस को ज्यादा स्मूद और तेज बनाया जाएगा. नोटिफिकेशन शेड पहले से ज्यादा फास्ट हो सकता है और वॉलपेपर के हिसाब से बदलने वाले आइकन देखने को मिल सकते हैं. बड़े स्क्रीन वाले डिवाइस के लिए बेहतर मल्टी-विंडो सपोर्ट और टास्कबार स्टाइल इंटरफेस जोड़ा जा सकता है. कीबोर्ड और माउस सपोर्ट भी बेहतर हो सकता है. लॉक स्क्रीन विजेट्स की वापसी की भी चर्चा है, जिससे फोन अनलॉक किए बिना जरूरी जानकारी देखी जा सकेगी.
प्राइवेसी और कंट्रोल पर जोर
Android 17 में प्राइवेसी को मजबूत करने पर खास ध्यान दिया जा सकता है. बैकग्राउंड में चलने वाली ऐप्स पर ज्यादा कंट्रोल मिलेगा और नए लॉगिंग टूल्स जोड़े जा सकते हैं. इससे यूजर्स को पता चल सकेगा कि कौन सी ऐप कब और कैसे डेटा इस्तेमाल कर रही है. कीबोर्ड कस्टमाइजेशन के नए विकल्प भी मिल सकते हैं. कुल मिलाकर यह अपडेट सुरक्षा और बेहतर परफॉर्मेंस पर केंद्रित हो सकता है.
किन फोन को मिल सकता है अपडेट
अभी तक गूगल ने आधिकारिक सूची जारी नहीं की है. लेकिन मौजूदा नीति के आधार पर Pixel 6 सीरीज और उसके बाद के मॉडल Android 17 के लिए योग्य हो सकते हैं. आने वाली Pixel 11 सीरीज इसी नए वर्जन के साथ लॉन्च हो सकती है. Samsung की Galaxy S23, S24, S25 और आने वाली S26 सीरीज के साथ Galaxy Z Fold मॉडल्स को भी One UI 9 के जरिए अपडेट मिलने की उम्मीद है.
इसके अलावा OnePlus 11, 12, 13 और Open, Xiaomi 14 और 15 सीरीज, कुछ प्रीमियम Redmi Note मॉडल और Motorola Edge व Razr फोल्डेबल फोन भी इस लिस्ट में शामिल हो सकते हैं. हालांकि अंतिम फैसला कंपनियों की अपनी अपडेट पॉलिसी पर निर्भर करेगा.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया के स्क्वाड में नहीं मिली इस खिलाड़ी को जगह, चाइनामैन की प्लेइंग 11 में एंट्री