Amit Shah in Delhi: दिल्ली में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजधानी में पौधारोपण अभियान की शुरुआत की, जहां उनके साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं. इस मौके पर 'मिशन 70 लाख पौधारोपण अभियान' को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य इस अभियान के तहत पूरे शहर में 70 लाख पौधे लगाने का है. इस पहल का उद्देश्य राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाना, प्रदूषण कम करना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करना है. सरकार का कहना है कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक बड़ा पर्यावरण मिशन है. इसके तहत विभिन्न सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और आम नागरिकों को भी पौधारोपण से जोड़ने की योजना बनाई गई है.