राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आखिरकार मानसून की सक्रियता नजर आने लगी है. मंगलवार को सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा और कई इलाकों में हल्की बारिश व बूंदाबांदी देखने को मिली. वहीं, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत एनसीआर के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां दर्ज की गईं.
उमस भरी गर्मी से मिली राहत
मौसम में बदलाव के बाद दिल्ली-NCR के लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है. सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट महसूस की गई. दिल्ली से लेकर गुरुग्राम तक मौसम सुहावना बना हुआ है. बारिश की वजह से लोगों को लंबे समय से जारी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, कई जगहों पर बारिश के कारण जलभराव और यातायात प्रभावित होने की संभावना भी बनी हुई है.
दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ घंटों में राजधानी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिनकी रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे अधिक तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
35 डिग्री तक रह सकता है तापमान
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में मॉनसून 2 जुलाई को आधिकारिक रूप से पहुंच चुका था. इसके बाद अब राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे बढ़ रही हैं.
उत्तर भारत में तेजी से आगे बढ़ रहा मॉनसून
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब उत्तर अरब सागर के कुछ और हिस्सों, गुजरात के बाकी क्षेत्रों और राजस्थान व हरियाणा के कुछ इलाकों में आगे बढ़ चुका है. मॉनसून की रफ्तार बढ़ने से दिल्ली-NCR के अलावा राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तर भारत के कई राज्यों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
अगले कुछ दिनों में और बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
IMD के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून उत्तर अरब सागर के शेष हिस्सों, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ सकता है. इसके बाद देश के अधिकतर हिस्सों में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय होने की उम्मीद है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मॉनसून के प्रभाव से आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है और कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है.
ये भी पढ़ें-PM मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान; राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने खुद पहनाया मेडल