North India Monsoon: दक्षिण और मध्य भारत में अच्छी बारिश के बाद अब मानसून का असर उत्तर भारत में बढ़ने वाला है. मौसम की सक्रिय प्रणाली अब उत्तर भारत की ओर बढ़ गई है, जिसके चलते दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, इस दौरान कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को पिछले कई दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है.
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, 12 जुलाई के आसपास दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में एक बार फिर भारी बारिश देखने को मिल सकती है. बारिश का यह दौर किसानों के लिए भी राहत लेकर आया है.
पिछले सप्ताह तक देश में सामान्य से करीब 44 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी. हालांकि, कई राज्यों में अच्छी बारिश होने के बाद यह कमी घटकर करीब 20 प्रतिशत रह गई है. फिर भी उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अभी बारिश सामान्य से कम है.
जल्द पूरे देश में पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून मंगलवार को गुजरात के बाकी हिस्सों के साथ-साथ राजस्थान और हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ा है. अगले एक-दो दिनों में इसके राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बाकी इलाकों में पहुंचने की संभावना है. इसके साथ ही मानसून पूरे देश को कवर कर सकता है.
बारिश के पीछे ये तीन बड़ी वजहें
मौसम में बदलाव की मुख्य वजह पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र है. इसके अलावा राजस्थान से लेकर बांग्लादेश तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है. वहीं, पश्चिमी विक्षोभ का असर भी बना हुआ है. इन तीनों मौसम प्रणालियों के एक साथ सक्रिय होने से दिल्ली और आसपास के इलाकों में मंगलवार को तेज बारिश हुई.
यूपी में 12 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 12 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब और मजबूत हो गया है, जिसके कारण कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है.
पूर्वांचल और तराई के जिलों में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 9 जुलाई को राजस्थान, गुजरात, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश होने के आसार हैं.
ये भी पढ़ें- मैं आपकी कई योजनाओं की कॉपी करता हूं... इंडोनेशियाई राष्ट्रपति ने जमकर की पीएम मोदी की तारीफ