WPL 2026 Final: DC vs RCB फाइनल आज, जीतने वाली टीम पर होगी पैसों की बारिश! कितनी है प्राइज मनी?

महिला प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है. टूर्नामेंट का चौथा सीजन अब अपने फाइनल मुकाबले के साथ समाप्त होने जा रहा है, जिसमें आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने होंगी.

WPL 2026 Final DC vs RCB Prize money for the winning team
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

WPL 2026 Final: महिला प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है. टूर्नामेंट का चौथा सीजन अब अपने फाइनल मुकाबले के साथ समाप्त होने जा रहा है, जिसमें आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने होंगी. एक तरफ स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली आरसीबी है, जिसने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन करते हुए अंक तालिका में टॉप पर जगह बनाई. दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स है, जो पहले सीजन से लगातार फाइनल तक पहुंच रही है, लेकिन अब तक खिताब जीतने का सपना पूरा नहीं कर पाई है.

दिल्ली कैपिटल्स इस बार इतिहास बदलने के इरादे से मैदान में उतरेगी, जबकि आरसीबी अपने दूसरे खिताब पर कब्जा जमाने के लक्ष्य के साथ खेलेगी. ऐसे में फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है. क्रिकेट फैंस की नजरें सिर्फ ट्रॉफी पर ही नहीं, बल्कि उन करोड़ों रुपये की इनामी राशि पर भी टिकी हैं, जो विजेता और उपविजेता टीम को मिलने वाली है.

इस सीजन कैसा रहा दोनों टीमों का सफर?

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लीग स्टेज में दमदार प्रदर्शन किया. स्मृति मंधाना की कप्तानी में टीम ने 8 में से 6 मुकाबले जीतकर कुल 12 अंक हासिल किए और पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान पक्का किया. पूरे टूर्नामेंट में आरसीबी की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही संतुलित नजर आई.

वहीं दिल्ली कैपिटल्स का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा. जेमिमा रोड्रिगेज की अगुआई में टीम ने लीग चरण में 8 मैचों में से 4 जीते और 4 हारे. इसके बावजूद दिल्ली ने एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराकर एक बार फिर फाइनल में जगह बना ली. दिल्ली अब तक हर सीजन में फाइनल तक पहुंची है, लेकिन खिताब जीतने में नाकाम रही है. इस बार टीम अपने इस अनचाहे रिकॉर्ड को तोड़ने के इरादे से उतरेगी.

विजेता टीम को कितनी मिलेगी इनामी राशि?

महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत 2023 में हुई थी. पहले सीजन में मुंबई इंडियंस ने खिताब जीता था और उन्हें चैंपियन बनने पर 6 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी गई थी. इसके बाद से अब तक प्राइज मनी में कोई बदलाव नहीं हुआ है. ऐसे में WPL 2026 की विजेता टीम को भी 6 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिलेगा.

यानी आज जो भी टीम ट्रॉफी उठाएगी- चाहे वह आरसीबी हो या दिल्ली कैपिटल्स उसे करोड़ों रुपये की मोटी रकम इनाम के तौर पर दी जाएगी. यह इनामी राशि महिला क्रिकेट को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जाती है.

उपविजेता और खिलाड़ियों को मिलने वाले अवॉर्ड्स

फाइनल हारने वाली टीम को भी खाली हाथ नहीं लौटना पड़ेगा. टूर्नामेंट की उपविजेता टीम को 3 करोड़ रुपये दिए जाएंगे. इसके अलावा व्यक्तिगत पुरस्कारों की भी अलग-अलग राशि तय है.

  • प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को 5 लाख रुपये
  • ऑरेंज कैप विजेता (सबसे ज्यादा रन) को 5 लाख रुपये
  • पर्पल कैप विजेता (सबसे ज्यादा विकेट) को 5 लाख रुपये
  • टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी को 5 लाख रुपये
  • सबसे बेहतर स्ट्राइक रेट वाले खिलाड़ी को 5 लाख रुपये
  • फाइनल मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले खिलाड़ी को 2.5 लाख रुपये

इन अवॉर्ड्स के जरिए खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाता है.

फाइनल मैच कब और कहां खेला जाएगा?

WPL 2026 का फाइनल मुकाबला आज यानी 5 फरवरी को खेला जाएगा. यह मैच वडोदरा के बीसीए स्टेडियम, कोटांबी में आयोजित होगा. मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा.

ये भी पढ़ें- OTT के बाद अब सिनेमाघर में दिखेंगे गुड्डू पंडित और कालीन भैया, इस दिन रिलीज होगी 'मिर्जापुर द मूवी'