OTT के बाद अब सिनेमाघर में दिखेंगे गुड्डू पंडित और कालीन भैया, इस दिन रिलीज होगी 'मिर्जापुर द मूवी'

भारत की सबसे चर्चित और पॉपुलर वेब सीरीज में गिनी जाने वाली ‘मिर्जापुर’ अब ओटीटी की सीमाओं से निकलकर सीधे सिनेमाघरों में धमाल मचाने आ रही है.

Mirzapur The Movie Release Date Guddu Pandit Kaleen Bhaiya
Image Source: Social Media

Mirzapur The Movie: भारत की सबसे चर्चित और पॉपुलर वेब सीरीज में गिनी जाने वाली ‘मिर्जापुर’ अब ओटीटी की सीमाओं से निकलकर सीधे सिनेमाघरों में धमाल मचाने आ रही है. अब तक दर्शक गुड्डू पंडित, कालीन भैया और मुन्ना भैया की कहानी को अमेज़न प्राइम वीडियो पर देखते आए थे, लेकिन अब इस क्राइम थ्रिलर फ्रेंचाइजी को फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर पेश किया जाएगा. मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद से फैन्स में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.

‘मिर्जापुर’ का पहला सीजन आते ही एक कल्ट क्लासिक बन गया था. देसी अंदाज़, दमदार डायलॉग्स और सत्ताधारी दुनिया की स्याह तस्वीर ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया. दूसरे सीजन ने इस लोकप्रियता को और आगे बढ़ाया, लेकिन तीसरे सीजन को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली रहीं. कई फैंस को कहानी में वह पुराना जोश और तेज़ी महसूस नहीं हुई. इसकी सबसे बड़ी वजह मुन्ना भैया के किरदार का बाहर हो जाना माना गया, जो शुरुआत से ही सीरीज की पहचान बन चुके थे.

इसी बीच मेकर्स ने यह बड़ा ऐलान किया कि वे ‘मिर्जापुर’ की कहानी को अब फिल्म के रूप में लेकर आएंगे. खास बात यह है कि इस फिल्म में फ्रेंचाइजी के वे सभी अहम किरदार नजर आएंगे, जिन्होंने शुरुआत से इस दुनिया को आकार दिया था और कुछ ऐसे चेहरे भी होंगे जो बाद में कहानी का हिस्सा बने थे. यानी दर्शकों को एक बार फिर वही पुराना मिर्जापुर देखने को मिलेगा, लेकिन इस बार और भी बड़े स्केल और सिनेमाई अंदाज़ में.

इंस्टाग्राम पोस्ट से हुआ बड़ा खुलासा

‘ये है मिर्जापुर’ के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर हाल ही में एक पोस्ट शेयर की गई, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया. पोस्ट में रेगिस्तान जैसी लोकेशन में कई गाड़ियां दिखाई गईं, जिनके आसपास हथियारों से लैस गुंडे खड़े हैं. इन वाहनों के पीछे मिर्जापुर की सत्ता की प्रतीक ‘गद्दी’ बंधी नजर आती है, जिस पर बैठने का सपना हर कोई देखता है. यही गद्दी कालीन भैया की ताकत का प्रतीक रही है. पोस्ट के कैप्शन में इशारों-इशारों में फिल्म के स्वागत के लिए दर्शकों को तैयार रहने को कहा गया और यह भरोसा भी दिलाया गया कि फिल्म में वही रॉ और खतरनाक दुनिया देखने को मिलेगी, जिसके लिए ‘मिर्जापुर’ जानी जाती है.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Mirzapur (@yehhaimirzapur)

कब रिलीज होगी ‘मिर्जापुर: द मूवी’?

मेकर्स के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. यह तारीख इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि इस दौरान बॉक्स ऑफिस पर किसी दूसरी बड़ी फिल्म की टक्कर नहीं होगी. यानी मिर्जापुर को बड़े पर्दे पर पूरी स्पेस मिलने वाली है.

इस फिल्म में एक बार फिर पंकज त्रिपाठी कालीन भैया के किरदार में नजर आएंगे, अली फजल गुड्डू पंडित के रूप में लौटेंगे और दर्शकों के फेवरेट मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु की भी वापसी होगी. लंबे समय बाद इन तीनों को एक साथ देखने का मौका मिलेगा, जिसे लेकर फैंस बेहद एक्साइटेड हैं.

स्टारकास्ट होगी दमदार

‘मिर्जापुर: द मूवी’ में सिर्फ मुख्य किरदार ही नहीं, बल्कि फ्रेंचाइजी के कई लोकप्रिय चेहरे नजर आएंगे. फिल्म में जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौड़, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चौहान, प्रमोद पाठक और अनंगशा बिस्वास जैसे कलाकार भी शामिल हैं. यह बड़ी स्टारकास्ट फिल्म को और ज्यादा भव्य और दिलचस्प बनाने वाली है.

‘मिर्जापुर: द मूवी’ को Amazon MGM Studios और Excel Entertainment मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. निर्देशन की कमान गुरमीत सिंह के हाथों में है, जबकि फिल्म की कहानी और डायलॉग्स पुनीत कृष्णा ने लिखे हैं, जिन्होंने वेब सीरीज के जरिए इस यूनिवर्स को पहचान दिलाई थी.

ये भी पढ़ें- 'द राजा साब', 'किस किसको प्यार करू 2' से 'सल्वाडोर' तक... इस फ्राइडे OTT पर रिलीज होंगी कई फिल्में-सीरीज