विजय ने 112 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा, राज्यपाल बोले- 118 MLAs का सपोर्ट दिखाएं; अब कैसे लेंगे शपथ?

सरकार बनाने के दावा के बाद विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. आर्लेकर से मुलाकात की. बैठक में राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि सामान्य बहुमत सुनिश्चित करने के लिए 118 विधायकों के समर्थन पत्र आवश्यक हैं.

Vijay submitted letters of support from 112 MLAs Tamil Nadu election TVK party
Image Source: Social Media

चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद टीवीके पार्टी के मुखिया और सिने स्टार विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, विजय जल्द ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं. हालांकि, शपथ ग्रहण समारोह कल ही आयोजित होने की संभावना कम बताई जा रही है, क्योंकि राजनीतिक समीकरण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं.

राज्यपाल ने रखी शर्तें और विधानसभा का भंग

सरकार बनाने के दावा के बाद विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. आर्लेकर से मुलाकात की. बैठक में राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि सामान्य बहुमत सुनिश्चित करने के लिए 118 विधायकों के समर्थन पत्र आवश्यक हैं. इसके बाद 5 मई 2026 से राज्य की 16वीं विधानसभा को भंग कर दिया गया.

विजय को मिले 112 विधायकों का समर्थन

राज्यपाल से मुलाकात के दौरान विजय ने 112 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे. विजय खुद दो सीटों से जीत चुके हैं, इसलिए टीवीके के विधायकों की संख्या 107 है. इसके अलावा, कांग्रेस ने 5 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा. फिलहाल, आधिकारिक तौर पर विजय के पास सिर्फ 112 विधायकों का ही समर्थन मौजूद है.

सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल से चर्चा के बाद विजय ने कुछ और समय मांगा है. दो विधायकों वाली वीसीके और चार विधायकों वाली लेफ्ट पार्टियों के समर्थन का इंतजार किया जा रहा है. वहीं पीएमके के चार विधायकों ने विजय से मुलाकात की, लेकिन अभी तक कोई समर्थन पत्र नहीं सौंपा गया.

गठबंधन की राजनीति और कांग्रेस का रुख

एआईएडीएमके और कांग्रेस दोनों ही विजय के खेमे की तरफ़ झुक चुके हैं. एआईएडीएमके में प्रशासन में शामिल होने के बजाय टीवीके नेतृत्व वाली सरकार को बाहरी समर्थन देने के संकेत मिल रहे हैं.

कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन इस शर्त पर दिया कि गठबंधन में संविधान विरोधी या सांप्रदायिक ताकतें शामिल न हों. इसके अलावा, कांग्रेस विजय के समर्थन को मजबूत करने के लिए सीपीएम, सीपीआई, वीसीके और आईयूएमएल जैसी छोटी पार्टियों से भी संपर्क कर रही है. वीसीके गुरुवार को अपनी बैठक में तय करेगा कि वह टीवीके सरकार का हिस्सा बनेगा या नहीं.

शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियाँ

विजय के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियाँ शुरू हो चुकी हैं. समारोह 8 मई की सुबह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी भी समारोह में शामिल हो सकते हैं.

टीवीके-कांग्रेस गठबंधन को अंतिम रूप देने के बाद डीएमके ने कांग्रेस पर “विश्वासघात” का आरोप लगाते हुए राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है. अब सबकी निगाहें 8 मई की सुबह पर हैं, जब थलपति विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे.

ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में राजनीति के नए अध्याय की शुरुआत, TVK प्रमुख विजय ने दावा पेश किया, कल सुबह लेंगे शपथ