Vande Mataram New Guidelines: सरकारी कार्यक्रमों में अब राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर नए नियम लागू कर दिए गए हैं. जैसे राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ बजाने और गाने के नियम तय हैं, वैसे ही अब ‘वंदे मातरम्’ को भी कई सरकारी आयोजनों में बजाना और गाना जरूरी होगा. गृह मंत्रालय के नए निर्देशों के मुताबिक, अगर दोनों एक साथ बजाए जाएं या गाए जाएं, तो पहले ‘वंदे मातरम्’ होगा और उसके बाद ‘जन गण मन’. इस दौरान मौजूद लोगों को सावधान मुद्रा में खड़ा रहना होगा.इसको लेकर सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और सरकारी संस्थानों को यह निर्देश भेज दिए हैं.
गृह मंत्रालय ने साफ किया है कि ‘वंदे मातरम्’ का पूरा 6 अंतरों वाला संस्करण, जिसकी अवधि करीब 3 मिनट 10 सेकंड है, अब कई आधिकारिक मौकों पर बजाया या गाया जाएगा. इनमें झंडा फहराने के समय, राष्ट्रपति के किसी सरकारी कार्यक्रम में आने और जाने पर, उनके राष्ट्र के नाम संबोधन से पहले और बाद में, साथ ही राज्यपाल या उपराज्यपाल के आगमन और भाषण के समय शामिल हैं.