Assam Final Voter List: असम से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है. चुनाव आयोग ने असम के लिए फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है. इसमें 2.49 करोड़ मतदाताओं के नाम हैं, जो मसौदा मतदाता सूची की तुलना में 0.97 प्रतिशत कम है.
असम के मुख्य चुनाव अधिकारी के मुताबिक, ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कुल मतदाताओं की संख्या 2.52 करोड़ थी, जो अब फाइनल वोटर लिस्ट में घटकर 2.49 करोड़ रह गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फाइनल वोटर लिस्ट में पुरुष मतदाताओं की संख्या 1.24 करोड़ व महिला वोटर्स की संख्या 1.24 करोड़ है. वहीं 343 थर्ड जेंडर वोटर हैं.
61 लाख से ज्यादा घरों में हुआ था वेरिफिकेशन
चुनाव आयोग के संयुक्त CEO ने भी इस विषय में जानकारी दी है. उन्होंने कहा है कि, असम में अंतिम मतदाता सूची जारी हो गई है. असम के वोटर्स की ड्राफ्ट लिस्ट से 2.43 लाख नाम हटाए गए हैं. SIR के तहत असम में 61 लाख से ज्यादा घरों में जाकर वेरिफिकेशन किया गया था. इसमें हजारों चुनाव अधिकारी, बूथ लेवल ऑफिसर और सुपरवाइजर शामिल थे. साथ ही राजनीतिक दलों ने निगरानी के लिए 61,533 बूथ लेवल एजेंट तैनात किए थे. इस प्रक्रिया के बाद राज्य में 31,486 मतदान केंद्र तय किए गए.
SIR से बदलेंगे चुनावी समीकरण?
विशेष पुनरीक्षण 2026 के तहत असम की सभी 126 विधानसभा सीटों का मतदाता डेटा अपडेट किया गया है. इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं, वहीं कई नए युवा वोटर भी सूची में जुड़े हैं. इन बदलावों के कारण कई इलाकों में पुराने वोटिंग समीकरण बदलने की संभावना है. इसी वजह से राजनीतिक दल अब इस बात पर खास नजर रखे हुए हैं कि किन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा नाम कटे हैं और इसका चुनावी नतीजों पर क्या असर पड़ सकता है.
असम सरकार का मौजूदा कार्यकाल मई 2026 में पूरा हो रहा है और चुनाव मार्च या अप्रैल 2026 में होने की उम्मीद है. राज्य में कुल 126 विधानसभा सीटें हैं। 2021 के चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 75 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी और हिमंता बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री बने थे. लेकिन 2026 का चुनाव पहले से काफी अलग होगा, क्योंकि यह एसआईआर प्रक्रिया के बाद पहला विधानसभा चुनाव है.
ये भी पढ़ें: भारत के पास कितना है डीजल-पेट्रोल, कितने दिन तक चल सकता है तेल का भंडार? पेट्रोलियम मंत्री ने बताया