Weather: देशभर में मौसम लगातार करवट बदल रहा है. इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों को लेकर चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार कुछ राज्यों में बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चलने की संभावना है. कई जगहों पर हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
बारिश और ठंडी हवाओं की वजह से तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. इसका असर यह होगा कि 14 फरवरी तक ठंड से खास राहत नहीं मिलेगी. मौसम में हो रहे बदलाव से सेहत पर भी असर पड़ सकता है, इसलिए बच्चों और बुजुर्गों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
इन राज्यों में अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में बारिश के साथ तेज हवा चलने का अनुमान है.
समुद्री इलाकों में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को फिलहाल तट से दूर न जाने की सलाह दी गई है.
इसके अलावा 16 और 17 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी बारिश होने के आसार हैं. इन दिनों तेज हवाओं से ठंड और बढ़ सकती है.
हरियाणा और पंजाब में कोहरे का असर
हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, हिसार, झज्जर और पानीपत में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे विजिबिलिटी कम रहेगी.
पंजाब में लुधियाना, अमृतसर, फिरोजपुर, होशियारपुर, पटियाला और कपूरथला में कोहरे के कारण लोगों को दिक्कत हो सकती है.
दिल्ली का मौसम आज कैसा रहेगा
आईएमडी के अनुसार 11 से 13 फरवरी के बीच दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है.
आज बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा रह सकता है. हवा की रफ्तार 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है.
यूपी का मौसम आज
उत्तर प्रदेश में आज मौसम साफ रहने की संभावना है और बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. हालांकि, कई जिलों में सुबह घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है.
गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, प्रयागराज, देवरिया और गोरखपुर में कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. लखनऊ में आज अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बिहार में आज का मौसम
बिहार में आज आसमान साफ रहने की संभावना है और बारिश के आसार नहीं हैं. लेकिन कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा रह सकता है.
पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा, कटिहार, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में विजिबिलिटी कम हो सकती है. पटना में आज अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
उत्तराखंड का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड में 16 फरवरी से फिर मौसम खराब हो सकता है. नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल और चमोली में बारिश की संभावना है. देहरादून में आज अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
हिमाचल प्रदेश में आज बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन 16 और 17 फरवरी को कई इलाकों में बारिश हो सकती है.
ये भी पढ़ें- Hug Day Love Rashifal: इन राशि वालों को 'हग डे' पर पार्टनर से मिलेगा प्यार, पढ़ें आज का लव राशिफल