Pratapgarh Murder Case: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है. चार दिन से गायब पूर्व प्रधान गुलहसन उर्फ मुन्ना का शव रविवार को सुमेरपुर के पास बोरी में भरकर मिला. प्रेम प्रसंग को लेकर महिला और दो अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है. गुलहसन 18 बच्चों के पिता थे और रविवार को उनका शव एक बोरी में भरा हुआ मिला. पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है.
गुलहसन (50) 18 मार्च को बाइक से बाजार गए थे, लेकिन उसके बाद उनका कोई पता नहीं चला. परिवार वालों ने दो दिन बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट मानधाता थाने में दर्ज कराई. तीसरे दिन उनकी बाइक, चाबी और हेलमेट मऊआइमा कल्याणपुर के पास मिला, जिसे पुलिस ने जब्त किया. फिर, मानधाता और मऊआइमा पुलिस उनकी खोज में जुट गई.
पुलिस ने किया शक के आधार पर गिरफ्तार
पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल और परिवार के शक के आधार पर सुमन देवी को हिरासत में लिया. सुमन ने पूछताछ में हत्या का जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि गुलहसन उसे परेशान कर रहा था, और उससे पीछा छुड़ाने के लिए उसने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई. इसके बाद, उन्होंने शव को एक उर्वरक की बोरी में भरकर शारदा सहायक नहर में फेंक दिया.
शव की पहचान और पोस्टमार्टम
रविवार को सुमेरपुर में शारदा सहायक नहर में बोरी में भरा शव मिला. मृतक की पत्नी किस्मतुल निशा ने शव की पहचान गुलहसन के रूप में की. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठे किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस घटना के बाद आसपास के इलाके में भीड़ जमा हो गई.
गुलहसन की दो शादी और परिवार
गुलहसन ने दो शादियां की थीं. पहली पत्नी किस्मतुल निशा और दूसरी पत्नी अम्बिया बानो थीं. दोनों पत्नियों से उनके 18 बच्चे थे, और दोनों परिवार एक साथ रहते थे. गुलहसन का स्वभाव हंसमुख था, और वह हमेशा मददगार रहते थे. लेकिन, उनका प्रेम संबंध उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गया.
प्रेमिका ने बनाई हत्या की साजिश
पुलिस के मुताबिक, सुमन और गुलहसन का लंबे समय से प्रेम संबंध था. गुलहसन सुमन पर दबाव बना रहा था और उसे ब्लैकमेल कर रहा था, जिससे परेशान होकर सुमन ने हत्या की साजिश रची. 18 मार्च की रात गुलहसन उससे मिलने जेठवारा बगियापुर गया, जहां सुमन ने अपने भाई अतुल गौतम और उसके दोस्त अरुण गौतम के साथ मिलकर रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस की कार्रवाई
इस मामले में पुलिस ने पहले दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट को हत्या के केस में बदल दिया है. महिला से पूछताछ की जा रही है, और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस अधिकारी ने बताया, "पूर्व प्रधान की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते हुई है. हम मामले की जांच कर रहे हैं, और अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है."
ये भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट जंग के बीच भारत ने शुरू की तैयारी, तैनात कर रहा 'देसी ब्रह्मास्त्र', जानें ताकत और खासियत