मुज्तबा खामेनेई की जानकारी देने वाले को मिलेगा एक करोड़ डॉलर, अमेरिका ने 10 ईरानी नेताओं पर रखा इनाम

अमेरिकी विदेश विभाग ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई समेत कई ईरानी अधिकारियों के बारे में जानकारी देने वालों के लिए 10 मिलियन डॉलर तक का इनाम घोषित किया है.

US offers 10 million dollars for information about Mujtaba Khamenei
Image Source: Social Media

वॉशिंगटन: अमेरिकी विदेश विभाग ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई समेत कई ईरानी अधिकारियों के बारे में जानकारी देने वालों के लिए 10 मिलियन डॉलर तक का इनाम घोषित किया है. यह घोषणा विभाग के ‘रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस’ कार्यक्रम के तहत की गई है.

विभाग ने एक सार्वजनिक अपील जारी करते हुए इंटरनेट पर पोस्टर साझा किया है, जिसमें लोगों से इन नेताओं के बारे में जानकारी देने को कहा गया है. पोस्टर में बताया गया है कि मुज्तबा खामेनेई, दिवंगत ईरानी नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे हैं.

10 मिलियन डॉलर तक का इनाम

पोस्टर में कहा गया है कि विश्वसनीय जानकारी देने वाले व्यक्ति को अधिकतम 10 मिलियन डॉलर तक का इनाम दिया जा सकता है. साथ ही, ऐसे लोगों को पुनर्वास सहायता भी उपलब्ध कराई जा सकती है.

अमेरिका का आरोप है कि ये नेता इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से जुड़े विभिन्न संगठनों का नेतृत्व करते हैं और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में आतंकवादी गतिविधियों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने में शामिल हैं.

कई ईरानी अधिकारियों के नाम शामिल

इस अपील में कई अन्य ईरानी अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं. इनमें इस्माइल खतीब (खुफिया मंत्री), अली असगर हेजाजी (उप चीफ ऑफ स्टाफ), याह्या रहीम सफावी (मेजर जनरल), एस्कंदर मोमेनी (आंतरिक मंत्री) और अली लारीजानी (सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव) शामिल हैं.

नोटिस में कहा गया है कि इन अधिकारियों को आईआरजीसी की विभिन्न शाखाओं की निगरानी करने वाली नेतृत्व संरचना के प्रमुख सदस्य माना जाता है.

जानकारी देने की अपील

‘रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस’ कार्यक्रम, जिसे अमेरिकी विदेश विभाग की डिप्लोमैटिक सिक्योरिटी सर्विस संचालित करती है, ने कहा है कि जिन लोगों के पास इन अधिकारियों या आईआरजीसी के वरिष्ठ कमांडरों के बारे में जानकारी है, वे सुरक्षित माध्यम से संपर्क कर सकते हैं.

इसके लिए एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म या टोर नेटवर्क के जरिए सुरक्षित चैनल उपलब्ध कराया गया है.

ये भी पढ़ें- ईरान के खर्ग आइलैंड पर अमेरिका ने की बमबारी, ट्रंप बोले- 'हमारी सेना ने मिलिट्री ठिकाने तबाह किए'