UP Anganwadi Bharti 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है. राज्य के विभिन्न जिलों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी. चयन पूरी तरह शैक्षणिक योग्यता के आधार पर तैयार की गई मेरिट लिस्ट के जरिए किया जाएगा. ऐसे में योग्य महिला अभ्यर्थियों के पास बिना परीक्षा सरकारी सेवा से जुड़ने का शानदार अवसर है.
आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता क्या है?
आंगनवाड़ी भर्ती के लिए आवेदन करने वाली महिला उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है. वहीं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अन्य आरक्षित श्रेणियों की अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी. शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है. कुछ जिलों में स्थानीय निवासी होने की शर्त भी लागू की गई है, इसलिए आवेदन करने से पहले संबंधित जिले का आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ना जरूरी है.
इन जिलों में निकली हैं भर्तियां
नई भर्ती के तहत मेरठ, बागपत, कन्नौज, बिजनौर सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त पदों को भरा जाएगा. प्रत्येक जिले में पदों की संख्या और आवेदन की अंतिम तिथि अलग-अलग तय की गई है. ऐसे में उम्मीदवारों को अपने जिले से संबंधित भर्ती की जानकारी समय रहते प्राप्त कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए.
ऑनलाइन ऐसे करें आवेदन
इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है. इच्छुक महिला उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट upanganwadibharti.in पर जाकर अपने जिले का नोटिफिकेशन देखें. इसके बाद निर्धारित आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी सही-सही भरें और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें. आवेदन जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट अपने पास सुरक्षित रखना न भूलें, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके.
ये भी पढ़ें: RBI में सरकारी नौकरी का गोल्डन चांस! बिना एग्जाम मिलेगी जॉब, ₹4.10 लाख तक होगी सैलरी