RBI में सरकारी नौकरी का गोल्डन चांस! बिना एग्जाम मिलेगी जॉब, ₹4.10 लाख तक होगी सैलरी

RBI Vacancy 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अनुभवी इंजीनियरों के लिए शानदार अवसर सामने आया है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने कंसल्टेंट साइट इंजीनियर के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है.

rbi-consultant-site-engineer-recruitment-without-exam-high-salary-2026
Image Source: Social Media

RBI Vacancy 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अनुभवी इंजीनियरों के लिए शानदार अवसर सामने आया है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने कंसल्टेंट साइट इंजीनियर के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा से नहीं गुजरना होगा. चयन सीधे अनुभव, दस्तावेजों की जांच और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा. ऐसे में लंबे समय से इंजीनियरिंग क्षेत्र में काम कर रहे योग्य उम्मीदवारों के लिए यह बेहतरीन करियर अवसर साबित हो सकता है.

20 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन

आरबीआई ने इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं. इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 20 जुलाई 2026 की शाम 6 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे, इसलिए उम्मीदवारों को तय समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

कुल 8 पदों पर होगी नियुक्ति

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 8 रिक्त पदों को भरा जाएगा. इनमें सिविल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग दोनों क्षेत्रों के विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाएगी. चयनित उम्मीदवारों को फुल-टाइम कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर नियुक्त किया जाएगा. शुरुआती अनुबंध तीन वर्षों का होगा, जिसे आवश्यकता और प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम दो वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है.

योग्यता और अनुभव क्या होना चाहिए?

इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास सिविल या इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक या समकक्ष डिग्री होना अनिवार्य है. इसके साथ ही निर्माण कार्य, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट और बिल्डिंग प्रबंधन से जुड़े क्षेत्र में कम से कम 15 वर्ष का व्यावसायिक अनुभव होना चाहिए. कुछ पदों के लिए सरकारी विभागों या सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों में कार्य करने का अनुभव भी आवश्यक रखा गया है.

आयु सीमा निर्धारित

आरबीआई की इस भर्ती में केवल अनुभवी पेशेवरों को अवसर दिया जा रहा है. आवेदन करने वाले उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 40 वर्ष और अधिकतम आयु 65 वर्ष निर्धारित की गई है.

इन शहरों में मिलेगी पोस्टिंग

चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति देश के विभिन्न शहरों में की जाएगी. सिविल इंजीनियर के पदों के लिए रायपुर, चंडीगढ़, जम्मू, लखनऊ और मुंबई जैसी लोकेशन तय की गई हैं. वहीं इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के अधिकांश पद मुंबई के लिए निर्धारित हैं. आवेदन के दौरान उम्मीदवार अपनी पसंदीदा पोस्टिंग का विकल्प भी दे सकेंगे.

लाखों में होगी मासिक सैलरी

इस भर्ती में वेतन भी काफी आकर्षक रखा गया है. लेवल-2 पदों पर चयनित उम्मीदवारों को लगभग 2.40 लाख रुपये से 3.40 लाख रुपये प्रति माह तक वेतन मिलेगा. वहीं लेवल-3 पदों के लिए मासिक सैलरी 3.10 लाख रुपये से 4.10 लाख रुपये तक निर्धारित की गई है. इसके अलावा आरबीआई के नियमों के अनुसार अन्य सुविधाएं और भत्ते भी दिए जाएंगे.

बिना परीक्षा होगा चयन

इस भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी. सबसे पहले उम्मीदवारों के आवेदन, योग्यता और अनुभव का मूल्यांकन किया जाएगा. इसके बाद योग्य अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट कर दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. अंतिम चयन इंटरव्यू में प्रदर्शन और पात्रता के आधार पर किया जाएगा.

आवेदन शुल्क कितना है?

आवेदन शुल्क अलग-अलग वर्गों के लिए निर्धारित किया गया है. सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 600 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है.

आवेदन की प्रक्रिया

उम्मीदवारों को सबसे पहले भारतीय रिजर्व बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती का विस्तृत नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ना होगा. इसके बाद ऑनलाइन आवेदन लिंक के माध्यम से आवेदन फॉर्म भरना होगा. आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने और निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा. भविष्य की आवश्यकता को देखते हुए आवेदन पत्र की एक प्रिंट कॉपी अपने पास सुरक्षित रखना भी जरूरी है.

ये भी पढ़ें: UPPSC Recruitment: यूपी में जल्द होने वाली है समीक्षा अधिकारी की भर्ती, जानिए कब जारी होगा नोटिफिकेशन