Russia Ukraine War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को कड़ा संदेश दिया है. ट्रंप ने कहा कि पुतिन को परमाणु मिसाइल के परीक्षण के बजाय यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह युद्ध केवल एक हफ्ते में खत्म हो जाना चाहिए था, लेकिन चार साल से अधिक समय बीत चुका है.
अमेरिका की परमाणु सबमरीन तैनाती
ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका ने रूस के समुद्री तट के पास अपनी न्यूक्लियर सबमरीन तैनात कर रखी है. उनके अनुसार, अमेरिकी सबमरीन दुनिया में सबसे श्रेष्ठ हैं और उन्हें परमाणु मिसाइल लॉन्च के लिए 8,000 मील (12,874 किमी) तक यात्रा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
रूस ने की अपनी प्रतिक्रिया
ट्रंप के बयान पर क्रेमलिन ने जवाब दिया. प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूस अपने राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका से बातचीत की संभावना हमेशा बनी रहेगी, लेकिन किसी भी कदम में रूस अपने हितों का पालन करेगा.
ब्यूरेवेस्तनिक मिसाइल का इतिहास
रूस ने अपनी नई परमाणु-संचालित क्रूज मिसाइल ब्यूरेवेस्तनिक (9M730 Burevestnik) का परीक्षण सफलतापूर्वक किया है. पुतिन ने पहली बार मार्च 2018 में इस मिसाइल का जिक्र किया था और दावा किया था कि इसकी रेंज अनलिमिटेड है और अमेरिकी मिसाइल डिफेंस सिस्टम को चकमा दे सकती है. 21 अक्टूबर को किए गए परीक्षण में मिसाइल ने 14,000 किमी की दूरी तय की और लगभग 15 घंटे तक उड़ान भरी.
तकनीकी खासियत और क्षमता
यह मिसाइल पारंपरिक ईंधन की बजाय छोटे परमाणु रिएक्टर से चलती है. यह हवा को बहुत गर्म करके अपने थ्रस्ट से आगे बढ़ती है. Nuclear Threat Initiative (NTI) के अनुसार, यह मिसाइल कम ऊंचाई पर उड़ सकती है, लंबे समय तक हवा में रह सकती है और अचानक किसी भी लक्ष्य पर हमला कर सकती है.
संभावित प्रभाव और भविष्य
इंटनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रैटेजिक स्टडीज के अनुसार, इस मिसाइल की संभावित रेंज 20,000 किमी तक हो सकती है. यह 50 से 100 मीटर की ऊंचाई पर उड़ती है, जिससे इसे रडार से पकड़ना मुश्किल होता है. U.S. एयरफोर्स इंटेलिजेंस सेंटर ने चेतावनी दी है कि अगर रूस इसे तैनात करता है, तो यह मिसाइल एक यूनिक इंटरकॉन्टिनेंटल वेपन साबित होगी.
ये भी पढ़ें: रूस के न्यूक्लियर मिसाइल टेस्ट करते ही बदल गए ट्रंप के सुर, अब पुतिन को देने लगे नसीहत, जानें क्या कहा