नए अमेरिकी पासपोर्ट में ट्रंप की तस्वीर, 250वीं वर्षगांठ पर खास एडिशन जारी, सोशल मीडिया पर मचा बवाल!

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर जारी होने वाले नए लिमिटेड एडिशन पासपोर्ट की पहली झलक दिखाई है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पासपोर्ट का डिजाइन शेयर किया.

Trump picture in new US passport special edition released on 250th anniversary
Image Source: Social Media

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर जारी होने वाले नए लिमिटेड एडिशन पासपोर्ट की पहली झलक दिखाई है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पासपोर्ट का डिजाइन शेयर किया.

पोस्ट के साथ ट्रंप ने लिखा, "अमेरिका का नया पासपोर्ट... जो कहता है, आपका स्वागत है, लेकिन नियमों का पालन करें."

पासपोर्ट के अंदर क्या है खास?

ट्रंप द्वारा शेयर की गई तस्वीर में पासपोर्ट का अंदरूनी पेज दिखाई देता है. इस पेज पर ट्रंप की बड़ी तस्वीर लगी है, जिसमें वह व्हाइट हाउस की मशहूर रिजॉल्यूट डेस्क के पीछे खड़े नजर आ रहे हैं.

तस्वीर के पीछे अमेरिका के स्वतंत्रता घोषणा-पत्र (Declaration of Independence) का मूल पाठ छपा हुआ है. वहीं नीचे ट्रंप के हस्ताक्षर भी दिखाई देते हैं.

पासपोर्ट के पहले पेज पर अमेरिकी चित्रकार जॉन ट्रंबुल की मशहूर पेंटिंग 'द डिक्लेरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस' छपी है, जिसमें अमेरिका की आजादी के ऐतिहासिक पल को दिखाया गया है.

पहले जारी डिजाइन से अलग है नया लुक

रिपोर्ट के मुताबिक, इस पासपोर्ट में इस्तेमाल की गई ट्रंप की तस्वीर वॉशिंगटन स्थित स्मिथसोनियन नेशनल पोर्ट्रेट गैलरी में लगी उनकी आधिकारिक तस्वीर पर आधारित है.

बताया जा रहा है कि यह डिजाइन इस साल की शुरुआत में दिखाए गए शुरुआती डिजाइन से अलग है. पहले जारी किए गए डिजाइन में ट्रंप की दूसरी तस्वीर इस्तेमाल की गई थी.

व्हाइट हाउस ने भी शेयर की तस्वीर

बाद में व्हाइट हाउस के आधिकारिक X (पहले ट्विटर) अकाउंट से भी यही डिजाइन साझा किया गया. पोस्ट में लिखा गया कि यह नया पासपोर्ट अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ को समर्पित है.

हालांकि, जब मीडिया ने पूछा कि क्या यही अंतिम डिजाइन है, तो व्हाइट हाउस ने इस सवाल का जवाब अमेरिकी विदेश विभाग पर छोड़ दिया. विदेश विभाग की ओर से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

सिर्फ लिमिटेड एडिशन होगा यह पासपोर्ट

इस खास पासपोर्ट की घोषणा पहली बार अप्रैल में की गई थी. अधिकारियों ने बताया था कि यह लिमिटेड एडिशन पासपोर्ट होगा, जिसमें अंदर और बाहर दोनों तरफ खास डिजाइन और नई कलाकृतियां होंगी.

जानकारी के अनुसार, वॉशिंगटन पासपोर्ट एजेंसी में जो लोग खुद जाकर अपना पासपोर्ट रिन्यू कराएंगे, उन्हें शुरुआत में यही नया डिजाइन मिलेगा. जबकि ऑनलाइन आवेदन करने वाले या दूसरे पासपोर्ट केंद्रों से आवेदन करने वाले लोगों को फिलहाल पुराने डिजाइन वाला पासपोर्ट ही दिया जाएगा.

मौजूदा पासपोर्ट में क्या है?

फिलहाल अमेरिका के पासपोर्ट के पहले अंदरूनी पेज पर चित्रकार पर्सी मोरन की बनाई गई फ्रांसिस स्कॉट की की एक पेंटिंग छपी होती है. यह पेंटिंग फोर्ट मैकहेनरी की लड़ाई के बाद का दृश्य दिखाती है.

इसी ऐतिहासिक घटना से प्रेरित होकर फ्रांसिस स्कॉट की ने अमेरिका का राष्ट्रगान 'द स्टार-स्पैंगल्ड बैनर' लिखा था. मौजूदा अमेरिकी पासपोर्ट में आज भी इस राष्ट्रगान की कुछ पंक्तियां छपी होती हैं.

ये भी पढ़ें- US Attack Iran: अमेरिका ने ईरान पर किया हमला, मिलिट्री साइट्स को बनाया निशाना; IRGC ने किया पलटवार