वीकेंड पर मौसम का बड़ा यू-टर्न! दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में होगी झमाझम बारिश, अलर्ट जारी

IMD Weather Update: देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम अब तेजी से करवट ले रहा है. कहीं प्री-मॉनसून की गतिविधियां तेज हो चुकी हैं तो कई राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है.

monsoon-rainfall-delhi-up-bihar-weather-alert-weekend-forecast
Image Source: ANI

IMD Weather Update: देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम अब तेजी से करवट ले रहा है. कहीं प्री-मॉनसून की गतिविधियां तेज हो चुकी हैं तो कई राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश का दायरा और बढ़ेगा. उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

कहां तक पहुंच चुका है मॉनसून?

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 26 जून तक मॉनसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी तक पहुंच चुकी है. विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान मॉनसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के शेष हिस्सों में भी आगे बढ़ सकता है. इन क्षेत्रों में इसके अनुकूल मौसमीय परिस्थितियां बन रही हैं.

दिल्ली-एनसीआर में कब होगी मॉनसून की एंट्री?

दिल्ली और एनसीआर के लोगों को फिलहाल गर्मी से कुछ राहत तो मिलेगी, लेकिन मॉनसून के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा. पहले अनुमान था कि 27 जून तक मॉनसून दिल्ली पहुंच सकता है, लेकिन अब मौसम विभाग ने इसके जुलाई के पहले सप्ताह में राजधानी पहुंचने की संभावना जताई है.

हालांकि इस दौरान प्री-मॉनसून गतिविधियां जारी रहेंगी. बीच-बीच में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को लू तथा उमस से राहत मिल सकती है. अगले कई दिनों तक आसमान में बादलों की आवाजाही भी बनी रहने का अनुमान है.

उत्तर भारत में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. 26 जून से 2 जुलाई के बीच इन राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 26 से 30 जून तक तथा उत्तराखंड में 26 से 29 जून के बीच कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 1 और 2 जुलाई तथा उत्तराखंड में 30 जून से 2 जुलाई के बीच आंधी, तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना व्यक्त की गई है.

पूर्वी भारत में भी बढ़ेगा बारिश का असर

पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 26 जून से 2 जुलाई तक, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 29 जून से 2 जुलाई तक, झारखंड और ओडिशा में 28 जून से 2 जुलाई तक तथा बिहार में 28 और 29 जून के दौरान बारिश होने का अनुमान है. इसके अलावा मध्य प्रदेश में 26 जून से 2 जुलाई के बीच, विदर्भ में 26-27 जून और 30 जून से 1 जुलाई के बीच तथा छत्तीसगढ़ में 26 जून को कई स्थानों पर वर्षा हो सकती है.

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना

आईएमडी के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में इस सप्ताह कई स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है. वहीं अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 26 जून से 2 जुलाई तक तथा असम और मेघालय में 27 जून से 2 जुलाई के बीच व्यापक बारिश का अनुमान लगाया गया है.

पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू का असर रहेगा

बारिश की गतिविधियां बढ़ने के बावजूद मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू चलने की संभावना भी जताई है. ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने और मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें: चीन की बढ़ेगी टेंशन! इस देश के दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी, जानें क्यों है ये यात्रा अहम