EPFO Update: अगर आप कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. ईपीएफओ ने अपने सिस्टम को अपग्रेड करने के लिए 26 जून से 29 जून तक कई ऑनलाइन सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला किया है. इस दौरान नए क्लेम जमा नहीं किए जा सकेंगे और पहले से लंबित दावों की प्रक्रिया भी प्रभावित रहेगी. सभी सेवाएं 30 जून से दोबारा शुरू होंगी.
चार दिन तक क्यों बंद रहेंगी सेवाएं?
ईपीएफओ के अनुसार, यह फैसला डेटाबेस के एकीकरण (Database Integration) और सॉफ्टवेयर अपग्रेड के चलते लिया गया है. संगठन का कहना है कि इस तकनीकी सुधार का उद्देश्य क्लेम प्रोसेसिंग को तेज करना, सिस्टम की सुरक्षा बढ़ाना और सदस्यों को पहले से बेहतर डिजिटल अनुभव उपलब्ध कराना है. हालांकि, संगठन ने आधिकारिक तौर पर यह नहीं कहा है कि यह अपग्रेड EPFO 3.0 का हिस्सा है, लेकिन माना जा रहा है कि यह उसी नई डिजिटल व्यवस्था की तैयारी हो सकती है.
किन सेवाओं पर पड़ेगा असर 26 जून रात 12 बजे से 29 जून रात 11:59 बजे तक सदस्य पोर्टल पर कई महत्वपूर्ण ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी. इस अवधि में नए ऑनलाइन पीएफ क्लेम दाखिल नहीं किए जा सकेंगे. पहले से जमा दावों की प्रोसेसिंग अस्थायी रूप से रुकी रहेगी. पीएफ निकासी (Withdrawal) और ट्रांसफर से जुड़े अनुरोधों में देरी हो सकती है.
बैलेंस चेक और कुछ अन्य सदस्य सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं. मेंटेनेंस शुरू होने से पहले जमा किए गए आवेदनों पर कार्रवाई अपग्रेड पूरा होने के बाद शुरू होगी.
30 जून से फिर सामान्य होंगी सेवाएं
ईपीएफओ ने जानकारी दी है कि सिस्टम अपग्रेड का काम पूरा होने के बाद 30 जून 2026 की रात 12 बजे से सभी ऑनलाइन सेवाएं दोबारा शुरू कर दी जाएंगी. इसके बाद सदस्य पहले की तरह क्लेम, ट्रांसफर और अन्य डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे.
सदस्यों को क्या सलाह दी गई है?
संगठन ने सदस्यों से अपील की है कि यदि उन्हें तत्काल पीएफ निकासी या ट्रांसफर की आवश्यकता है, तो अपनी योजना इसी समयसीमा को ध्यान में रखकर बनाएं. अपग्रेड के दौरान किसी प्रकार की असुविधा होने पर धैर्य रखने की भी सलाह दी गई है. यदि किसी सदस्य को सहायता की जरूरत हो, तो वह EPFO के हेल्पलाइन नंबर 14470 पर संपर्क कर सकता है.
EPFO 3.0 से क्या होंगे फायदे?
ईपीएफओ जल्द ही EPFO 3.0 लागू करने की तैयारी कर रहा है. इस नई डिजिटल प्रणाली का उद्देश्य सदस्यों के लिए सेवाओं को और आसान, तेज और पारदर्शी बनाना है. हाल ही में श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया था कि UPI आधारित पीएफ निकासी की तकनीकी जांच पूरी हो चुकी है. उम्मीद है कि आने वाले समय में सदस्य UPI के माध्यम से भी पीएफ राशि निकाल सकेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया पहले के मुकाबले अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगी.
ये भी पढ़ें- बंगाल में UCC पर बड़ा फैसला; शुभेंदु सरकार 29 जून को विधानसभा में पेश कर सकती है विधेयक