गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा तक दौड़ेगी मेट्रो और नमो भारत ट्रेन, बनेंगे 22 स्टेशन, क्‍या होगा रूट?

हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच सफर को आसान बनाने के लिए सरकार एक बड़ी योजना पर काम कर रही है. इसके तहत गुरुग्राम से फरीदाबाद, नोएडा होते हुए ग्रेटर नोएडा तक नमो भारत ट्रेन और मेट्रो चलाने की तैयारी है.

Metro and Namo Bharat trains to run from Gurugram to Greater Noida
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

गुरुग्राम: हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच सफर को आसान बनाने के लिए सरकार एक बड़ी योजना पर काम कर रही है. इसके तहत गुरुग्राम से फरीदाबाद, नोएडा होते हुए ग्रेटर नोएडा तक नमो भारत ट्रेन और मेट्रो चलाने की तैयारी है.

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने इस प्रोजेक्ट की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर हरियाणा सरकार को मंजूरी के लिए भेज दी है.

22 स्टेशन बनेंगे इस रूट पर

इस पूरे रूट पर कुल 22 स्टेशन बनाए जाएंगे. इनमें से 7 स्टेशन नमो भारत ट्रेन के होंगे और 15 स्टेशन मेट्रो के होंगे.

इफ्को चौक को एक बड़ा इंटरचेंज स्टेशन बनाया जाएगा. यहां से गुरुग्राम-ग्रेटर नोएडा और सराय काले खां–बावल रूट की ट्रेनें आपस में जुड़ेंगी.

कितना खर्च और कितना लंबा रूट

इस पूरे प्रोजेक्ट की लागत करीब 19,390 करोड़ रुपये बताई गई है. यह रूट लगभग 63 किलोमीटर लंबा होगा. इसमें 50 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में और 13 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में होगा.

किन-किन जगहों पर स्टेशन बनेंगे?

गुरुग्राम और फरीदाबाद में नमो भारत के स्टेशन:

  • गुरुग्राम में सेक्टर-61 और सेक्टर-58 चौक
  • ग्वाल पहाड़ी में 2 स्टेशन
  • फरीदाबाद में सैनिक कॉलोनी, बाटा चौक और सेक्टर-87-88 चौक

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में स्टेशन:

  • सेक्टर-142 और सेक्टर-168 (नोएडा)
  • सूरजपुर (ग्रेटर नोएडा)
  • इसके अलावा गुरुग्राम में 5 मेट्रो स्टेशन और फरीदाबाद में 7 मेट्रो स्टेशन बनाने की योजना है.

आगे क्या होगा?

अब इस डीपीआर पर अलग-अलग विभागों से सुझाव और आपत्तियां ली जाएंगी. इसके बाद इसे मुख्यमंत्री के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा. मंजूरी मिलते ही काम शुरू होने की उम्मीद है.

इस प्रोजेक्ट से गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रा काफी तेज और आसान हो जाएगी.

ये भी पढ़ें- भारत की अर्थव्यवस्था पर नहीं होगा वैश्विक तनाव का असर, 6.5% की रफ्तार से दौड़ेगी GDP! महंगाई भी घटेगी