वॉशिंगटन डीसी के एक खास प्राइवेट क्लब में आयोजित डिनर पार्टी में अमेरिकी राजनीति का एक अप्रत्याशित और शर्मनाक दृश्य सामने आया, जब पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दो प्रमुख आर्थिक सलाहकार स्कॉट बेसेन्ट और बिल पुल्टे एक-दूसरे से उलझ गए. मामला इतना बिगड़ा कि मुंह तोड़ने की धमकी तक दे डाली गई और फिजिकल कॉन्फ्रंटेशन की नौबत आ गई.
यह झगड़ा न सिर्फ मेहमानों को हैरान कर गया, बल्कि ट्रंप की टीम के भीतर चल रहे तनाव को भी उजागर कर गया, जिसे अब तक पर्दे के पीछे छिपाकर रखा गया था.
जहां होना था जश्न, वहां गूंजने लगे धमकी भरे शब्द
यह घटना 4 सितंबर 2025 को वॉशिंगटन के हाई-प्रोफाइल "Executive Branch" क्लब में हुई, जहां एक साथ दो आयोजन चल रहे थे—क्लब का उद्घाटन और निवेशक व पॉडकास्ट होस्ट चमथ पालिहपितिया का जन्मदिन. मेहमानों में व्हाइट हाउस के कई वरिष्ठ अधिकारी और ट्रंप प्रशासन की कोर टीम के सदस्य मौजूद थे. करीब 30 वीआईपी मेहमानों के लिए रॉयल डिनर का इंतज़ाम था—क्रिस्टल ग्लास, फाइन चाइना और हाई-सिक्योरिटी के बीच. लेकिन जैसे ही कॉकटेल पार्टी अपने चरम पर पहुंची, एक निजी शिकायत ने इस माहौल को तनाव में बदल दिया.
"तेरा मुंह तोड़ दूंगा..." — गुस्से से फट पड़े वित्त मंत्री
सूत्रों के मुताबिक, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेन्ट को पता चला कि फेडरल हाउसिंग फाइनेंस एजेंसी के निदेशक बिल पुल्टे ने राष्ट्रपति ट्रंप से उनके खिलाफ शिकायत की है. इस खबर से नाराज होकर बेसेन्ट सीधे पुल्टे के पास पहुंचे और चिल्लाते हुए बोले: "तुम राष्ट्रपति से मेरे बारे में बातें क्यों कर रहे हो? भाड़ में जाओ. मैं तुम्हारे मुंह पर मुक्का मार दूंगा." प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पार्टी में मौजूद सभी लोग कुछ देर के लिए सन्न रह गए. पुल्टे को पहले तो कुछ समझ नहीं आया, लेकिन वह जल्द ही जवाब देने के लिए तैयार हो गए. मामला हाथापाई तक पहुंचने ही वाला था कि क्लब के सह-मालिक ओमीद मलिक ने बीच-बचाव किया.
"या तो वो रहेगा या मैं..." बेसेन्ट का अल्टीमेटम
मामले को शांत करने की कोशिश में मलिक ने दोनों अधिकारियों को अलग किया. लेकिन स्कॉट बेसेन्ट इतने गुस्से में थे कि उन्होंने क्लब प्रबंधन से साफ कह दिया:"या तो वो यहां रहेगा या मैं. बताओ, कौन जाएगा?" और फिर सीधा कहा: "अगर बात करनी है, बाहर चलो." जिस पर पुल्टे ने पूछा, "बात करने?" बेसेंट ने जवाब दिया, "नहीं, तुम्हारी पिटाई करने." आख़िरकार क्लब स्टाफ ने दोनों को मेज़ के अलग-अलग सिरों पर बैठा दिया और किसी तरह डिनर पूरा किया गया.
व्हाइट हाउस और दोनों अधिकारियों ने साधी चुप्पी
इस विवाद पर बिल पुल्टे, स्कॉट बेसेन्ट, ओमीद मलिक और व्हाइट हाउस — किसी ने भी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह झगड़ा ट्रंप प्रशासन में बढ़ते आपसी संघर्षों का संकेत है, खासकर तब, जब ट्रंप 2024 में दोबारा सत्ता में आ चुके हैं और अपनी नई आर्थिक टीम को मजबूती देने की कोशिश में हैं.
कई बार पहले भी हो चुका है टकराव
ये पहला मौका नहीं है जब बेसेन्ट किसी सहयोगी से उलझे हों. इसी साल की शुरुआत में उनकी एलन मस्क से भी तीखी बहस हो चुकी है. इसके अलावा, हाल में हुए यूएस ओपन में जब ट्रंप स्टेडियम में पहुंचे, तो बेसेन्ट को उनसे कई सीट दूर बैठाया गया, जिसे लेकर भी चर्चा गर्म है.
ट्रंप की टीम में दरार?
ट्रंप की योजना थी कि स्कॉट बेसेन्ट (वित्त), हावर्ड लुटनिक (वाणिज्य) और बिल पुल्टे (हाउसिंग फाइनेंस) मिलकर अर्थव्यवस्था को दिशा देंगे. लेकिन अब यह साफ है कि इन अधिकारियों के बीच भूमिका को लेकर अंदरूनी संघर्ष चल रहा है. सूत्र बताते हैं कि बेसेन्ट मानते हैं कि पुल्टे उनकी सीमाओं में दखल दे रहे हैं, जबकि पुल्टे का नजरिया है कि वे केवल राष्ट्रपति के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: बैन हटा... फिर भी खत्म नहीं हुआ विरोध, जानें क्या है कारण? क्यों गुस्से में है युवा