Donald Trump Announce New Tariff On Movies: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (29 सितंबर, 2025) को एक चौंकाने वाला फैसला लेते हुए अमेरिका से बाहर बनी सभी फिल्मों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की है. इस नए कदम का असर सीधे तौर पर भारतीय फिल्म उद्योग पर पड़ने वाला है, क्योंकि भारत से अमेरिका में बनकर रिलीज होने वाली फिल्मों पर भी यह टैक्स लागू होगा. इस फैसले से भारत की फिल्मों की अमेरिका में कमाई पर भारी संकट आने की संभावना है.
बीते कुछ वर्षों में अमेरिका में भारतीय फिल्मों का बाजार तेजी से बढ़ा है. कोरोना महामारी के पहले इस बाजार का आकार करीब 8 मिलियन डॉलर था, जो अब लगभग 20 मिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है. ट्रंप के 100% टैरिफ लागू होने के बाद यह बाजार फिर से सिकुड़ सकता है, जिससे भारतीय फिल्मों की विदेशी कमाई में भारी गिरावट आ सकती है.
ट्रंप ने क्यों लिया यह कदम?
इस फैसले को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट शब्दों में अपना रुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा, “हमारा फिल्म व्यवसाय विदेशों ने छीन लिया है, जैसे किसी बच्चे से कैंडी छीन ली जाती है. खासकर कैलिफोर्निया राज्य इस मामले में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है. इसलिए, इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान करने के लिए मैं अमेरिका के बाहर बनी सभी फिल्मों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने जा रहा हूं. MAKE AMERICA GREAT AGAIN!”
भारतीय फिल्मों की अमेरिका में बढ़ती लोकप्रियता पर असर
भारत की हिंदी और साउथ फिल्म इंडस्ट्री की कई फिल्में अमेरिका में अच्छी कमाई करती हैं और वहां दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं. मगर अब ट्रंप के इस नए टैरिफ नियम के कारण इन फिल्मों की रिलीज़ पर असर पड़ेगा और उनकी कमाई घट सकती है. विशेषज्ञ मानते हैं कि इससे भारतीय फिल्म निर्माताओं को अमेरिका के बाजार में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने में चुनौती का सामना करना पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें- iPhone 17 पर जबरदस्त ऑफर, क्रोमा पर मिल रही बंपर छूट, यहां जानें पूरी जानकारी