इमरान खान की खराब सेहत को लेकर पाकिस्तान में उबाल, PTI ने किया प्रदर्शन का ऐलान

Imran Khan Health: पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर हलचल देखने को मिल रही है. पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की आंखों की हालत को लेकर सामने आई मेडिकल रिपोर्ट के बाद उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने देश के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है.

There is an uproar in Pakistan over Imran Khan ill health PTI announces protest
Image Source: Social Media

Imran Khan Health: पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर हलचल देखने को मिल रही है. पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की आंखों की हालत को लेकर सामने आई मेडिकल रिपोर्ट के बाद उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने देश के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है. पार्टी का कहना है कि ये प्रदर्शन इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता जताने और उनके साथ एकजुटता दिखाने के लिए किए जा रहे हैं.

जेल में बंद इमरान खान ने हाल ही में शिकायत की थी कि इलाज के बावजूद उनकी दाईं आंख की रोशनी काफी कम हो गई है और अब केवल करीब 15 प्रतिशत नजर बची है. इस मामले पर संज्ञान लेते हुए पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि 16 फरवरी से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों की मौजूदगी में उनकी आंखों की जांच कराई जाए.

रिपोर्ट में सामने आया आंखों की बीमारी का कारण

कोर्ट की ओर से नियुक्त वकील सलमान सफदर ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि इमरान खान पिछले कई महीनों से आंखों में धुंधलापन महसूस कर रहे थे. अक्टूबर 2025 तक उनकी नजर सामान्य बताई गई थी, लेकिन इसके बाद अचानक दाईं आंख की रोशनी तेजी से कम होने लगी. जांच के दौरान पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के एक विशेषज्ञ डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने बताया कि आंख में खून का थक्का जमने की वजह से गंभीर नुकसान हुआ है.

रावलपिंडी से कराची तक सड़क पर उतरे समर्थक

PTI ने अपने आधिकारिक X अकाउंट के जरिए कार्यकर्ताओं से अलग-अलग शहरों में इकट्ठा होने की अपील की है. रावलपिंडी के फैजाबाद इलाके में दोपहर दो बजे, कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर में मिलेनियम मॉल के पास शाम सात बजे और लाहौर के जीपीओ चौक, मॉल रोड पर प्रदर्शन करने की बात कही गई है. इसके अलावा खैबर पख्तूनख्वा में भी विरोध जारी है. पार्टी नेताओं के मुताबिक स्वाबी के पास एम-1 मोटरवे और डेरा इस्माइल खान के भक्कर ब्रिज के पास प्रदर्शन हो रहे हैं, जबकि हजारा मोटरवे पर भी जुटान की तैयारी है.

अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं इमरान खान

इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं. उन्हें भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में 14 साल की सजा सुनाई जा चुकी है. इन मामलों में सरकारी तोहफों की खरीद-फरोख्त (तोशाखाना केस) और गोपनीय दस्तावेज लीक करने जैसे आरोप शामिल हैं. इसके अलावा अल-कादिर ट्रस्ट से जुड़े एक मामले में भी उन पर आरोप लगे हैं, जिसमें सरकारी जमीन को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई है. दिसंबर 2023 में इस केस में उनकी पत्नी बुशरा बीबी समेत अन्य लोगों पर भी मामला दर्ज किया गया था.

ये भी पढ़ें- अब मेरठ से दिल्ली की यात्रा मात्र एक घंटे में होगी पूरी, इस दिन पीएम मोदी इस खास ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी