Weather: फरवरी में ही पड़ेगी भीषण गर्मी! 29 डिग्री तक तापमान पहुंचने के आसार, जानें मौसम का अपडेट

दिल्ली-NCR में फरवरी के दूसरे हफ्ते में ही मौसम ने गर्म रुख अपना लिया है. सुबह-शाम की ठंड अब काफी कम हो गई है और दिन में धूप तेज महसूस हो रही है.

Weather Update Summer in February temperature will increase
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Weather: दिल्ली-NCR में फरवरी के दूसरे हफ्ते में ही मौसम ने गर्म रुख अपना लिया है. सुबह-शाम की ठंड अब काफी कम हो गई है और दिन में धूप तेज महसूस हो रही है. आज यानी 14 फरवरी को अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक 17 और 18 फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी नरमी आ सकती है. फिलहाल राजधानी का AQI 164 दर्ज किया गया है, जो खराब श्रेणी में आता है.

मौसम का बदला मिजाज

बीते कुछ दिनों तक जहां ठंड और कोहरा परेशानी बना हुआ था, अब मौसम साफ और गर्म नजर आ रहा है. सुबह हल्की धुंध रह सकती है, लेकिन दिन चढ़ते ही आसमान साफ हो जाता है और धूप तेज रहती है. अगले 24 घंटों में तापमान में बहुत बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा, हालांकि इसके बाद धीरे-धीरे बढ़ोतरी संभव है.

पिछले 24 घंटों का हाल

पिछले एक दिन में न्यूनतम तापमान में 1–2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. न्यूनतम तापमान 10–12 डिग्री और अधिकतम 24–27 डिग्री के बीच रहा. इस दौरान बारिश नहीं हुई और पश्चिमी दिशा से करीब 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं.

14 फरवरी का पूर्वानुमान

आज आसमान ज्यादातर साफ रहेगा. सुबह हल्की धुंध दिख सकती है. अधिकतम तापमान 26–28 डिग्री और न्यूनतम 10–12 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. दोपहर में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से मौसम थोड़ा सुहावना रह सकता है.

आगे कैसा रहेगा मौसम?

सुबह के समय हल्की धुंध से विजिबिलिटी पर असर पड़ सकता है, लेकिन दिन में धूप खिली रहेगी. हवा की गुणवत्ता अभी भी खराब बनी हुई है, इसलिए बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सावधानी बरतनी चाहिए.

मौसम विभाग के अनुसार 15 फरवरी तक आसमान साफ रहने की उम्मीद है. 16 फरवरी को हल्के बादल छा सकते हैं. 17 और 18 फरवरी को बादल रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है. 19 फरवरी के बाद फिर से मौसम साफ होने और न्यूनतम तापमान में 2–3 डिग्री की बढ़ोतरी के संकेत हैं.

ये भी पढ़ें- Aaj ka Rashifal: इन राशि वालों पर बरसेगी शनि देव की कृपा, बन जाएंगे सारे काम, जानें आज का राशिफल