अब मेरठ से दिल्ली की यात्रा मात्र एक घंटे में होगी पूरी, इस दिन पीएम मोदी इस खास ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

Namo Bharat Corridor: पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मेरठ तेज़ी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है. इसी कड़ी में 22 फरवरी 2026 का दिन मेरठ के लिए खास हो सकता है. संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो को जनता को समर्पित करेंगे.

Now traveling from Meerut to Delhi PM Modi will flag off Namo Bharat Train and Meerut Metro
Image Source: ANI/ File

Namo Bharat Corridor: पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मेरठ तेज़ी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है. इसी कड़ी में 22 फरवरी 2026 का दिन मेरठ के लिए खास हो सकता है. संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो को जनता को समर्पित करेंगे. अगर ऐसा होता है तो मेरठ से दिल्ली तक का सफर और आसान, तेज़ और आधुनिक हो जाएगा.

नमो भारत ट्रेन के शुरू होने के बाद मेरठ के बेगमपुल स्टेशन से दिल्ली के सराय काले खां तक का सफर एक घंटे से भी कम समय में पूरा किया जा सकेगा. ट्रेन की रफ्तार करीब 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक बताई जा रही है. इससे रोज़ाना कामकाज या इलाज के लिए दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

जमीन के नीचे बना आधुनिक बेगमपुल स्टेशन

मेरठ का बेगमपुल स्टेशन जमीन से करीब 65 फीट नीचे बनाया गया है. यह स्टेशन लगभग 246 मीटर लंबा और 24.5 मीटर चौड़ा है. चार मंजिला यह स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस है. स्टेशन पर आने-जाने के लिए चार प्रवेश द्वार बनाए गए हैं. यात्रियों के लिए टिकट काउंटर और ऑटोमैटिक टिकट मशीन की सुविधा भी उपलब्ध है. सुरक्षा जांच के बाद यात्री आसानी से ट्रेन पकड़ सकेंगे.

82 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर दौड़ेगी नमो भारत

मेरठ के मोदीपुरम से दिल्ली के सराय काले खां तक करीब 82 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर बनाया गया है. इस पूरे रूट पर कुल 16 स्टेशन होंगे. वहीं मेरठ शहर के अंदर लगभग 23 किलोमीटर के दायरे में नमो भारत और मेरठ मेट्रो के 13 स्टेशन बनाए गए हैं. इन स्टेशनों से शहर के अलग-अलग हिस्सों से यात्रा करना आसान हो जाएगा.

अभी ट्रायल, 22 फरवरी से पूरा कॉरिडोर खुलने की उम्मीद

फिलहाल मेरठ साउथ से नमो भारत ट्रेन का रोज़ाना संचालन हो रहा है. मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत और मेरठ मेट्रो का ट्रायल रन भी चल रहा है. उम्मीद है कि 22 फरवरी 2026 से पूरा कॉरिडोर आम यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे मेरठ से दिल्ली तक की सीधी और तेज़ कनेक्टिविटी शुरू हो सके.

ये भी पढ़ें- तेहरान पर बड़ा हमला के फेर में अमेरिका! ईरान की तरफ यूएस का सबसे बड़ा एयरक्राफ्ट कैरियर रवाना