IPhone to Android Transfer: Google ने Android 17 के साथ iPhone से Android फोन में डेटा ट्रांसफर करने का तरीका काफी आसान कर दिया है. अब यूजर्स को अलग से कोई ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. नया माइग्रेशन सिस्टम सीधे Android 17 में ही मिलेगा.
इसकी मदद से यूजर्स फोटो, वीडियो, कॉन्टैक्ट, मैसेज के अलावा पासवर्ड, वाई-फाई जानकारी और eSIM जैसी जरूरी चीजें भी नए Android फोन में ट्रांसफर कर सकेंगे. फिलहाल यह फीचर कुछ चुनिंदा Google Pixel फोन और नए Samsung फोल्डेबल स्मार्टफोन में मिलना शुरू हो गया है.
अब अलग ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं
Google ने बताया है कि Android 17 में नया माइग्रेशन सिस्टम ऑपरेटिंग सिस्टम का हिस्सा बनाया गया है. इससे iPhone से Android फोन पर स्विच करना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा.
पहले यूजर्स को डेटा ट्रांसफर के लिए अलग ऐप का इस्तेमाल करना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा फोन के सेटअप में ही मौजूद होगी. इससे फोटो, वीडियो, कॉन्टैक्ट, मैसेज और कैलेंडर जैसी जानकारी आसानी से नए फोन में लाई जा सकेगी.
पासवर्ड और eSIM भी होंगे ट्रांसफर
Android 17 का नया सिस्टम सिर्फ सामान्य डेटा ही नहीं, बल्कि कई जरूरी सेटिंग्स को भी ट्रांसफर करने में सक्षम होगा. यूजर्स अब सेव किए गए पासवर्ड, वाई-फाई की जानकारी, Google अकाउंट से जुड़ी सेटिंग्स और eSIM जैसी चीजों को भी नए Android फोन में ले जा सकेंगे.
Google के अनुसार, यह फीचर अभी चुनिंदा Pixel स्मार्टफोन और Samsung Galaxy Z Flip 8 और Galaxy Z Fold 8 जैसे नए डिवाइस में उपलब्ध कराया गया है. आने वाले समय में इसे और Android फोन में भी दिया जाएगा.
QR कोड से होगा आसान सेटअप
नए Android फोन को सेट करते समय यूजर को iPhone से डेटा कॉपी करने का विकल्प मिलेगा. इसके बाद Android फोन पर एक QR कोड दिखाई देगा. इस QR कोड को iPhone से स्कैन करने पर दोनों फोन वायरलेस तरीके से कनेक्ट हो जाएंगे. इसके बाद यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से चुन सकता है कि कौन-कौन सा डेटा ट्रांसफर करना है.
Google ने दी ये सलाह
Google ने कहा है कि डेटा ट्रांसफर के दौरान दोनों फोन को कनेक्ट रखना जरूरी है. इसके अलावा दोनों फोन अच्छी तरह चार्ज होने चाहिए. iPhone वाई-फाई से जुड़ा होना चाहिए. नए Android फोन में पर्याप्त स्टोरेज होना चाहिए. अगर QR कोड से सेटअप नहीं हो पाता है तो यूजर सिम या eSIM को दोबारा एक्टिवेट करके भी फोन बदल सकता है.
WhatsApp चैट भी कर सकेंगे ट्रांसफर
नए Android फोन पर सेटअप पूरा होने के बाद यूजर्स को WhatsApp चैट हिस्ट्री ट्रांसफर करने का विकल्प भी मिलेगा. इसके अलावा Google, iMessage से Google Messages और iCloud में मौजूद फोटो और वीडियो को Google Photos में लाने के लिए भी मदद उपलब्ध कराएगा.
Android 17 का यह नया फीचर उन यूजर्स के लिए काफी फायदेमंद होगा जो iPhone छोड़कर Android फोन इस्तेमाल करना चाहते हैं. इससे फोन बदलने की प्रक्रिया पहले के मुकाबले काफी आसान हो जाएगी.
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में फिर दिखा पाकिस्तानी ड्रोन, सांबा और कठुआ में सुरक्षा बलों ने चलाया बड़ा सर्च ऑपरेशन