India-US Deal: टैरिफ में कटौती से Tata Motors और Eicher को हुआ जबरदस्त फायदा, जानें क्या है वजह?

India-US Tariff Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच हुई नई ट्रेड डील ने भारतीय उद्योग जगत में हलचल मचा दी है. इस समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर लगने वाला टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है.

Tata Motors and Eicher Motors Royal Enfield benefited from the India-US deal
Image Source: Social Media

India-US Tariff Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच हुई नई ट्रेड डील ने भारतीय उद्योग जगत में हलचल मचा दी है. इस समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर लगने वाला टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है. इसका सीधा असर उन भारतीय कंपनियों पर पड़ने वाला है, जो लंबे समय से अमेरिकी बाजार में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए हुए हैं. खासतौर पर ऑटो सेक्टर की दिग्गज कंपनियां टाटा मोटर्स और आयशर मोटर्स इस फैसले से सबसे ज्यादा फायदा उठाने की स्थिति में नजर आ रही हैं.

तत्काल लागू हुआ समझौता, एक्सपोर्टर्स को राहत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रेड डील का ऐलान करते हुए साफ किया कि टैरिफ में कटौती तुरंत प्रभाव से लागू होगी. इसका मतलब यह है कि भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले सामान पर अब कम टैक्स लगेगा और कंपनियों को बिना किसी देरी के इसका लाभ मिलेगा. ऑटोमोबाइल कंपनियों के साथ-साथ ऑटो कंपोनेंट्स बनाने वाली भारतीय कंपनियों के लिए भी यह डील नई संभावनाओं के दरवाजे खोलने वाली साबित हो सकती है.

टाटा मोटर्स के लिए सुनहरा मौका

इस ट्रेड डील का सबसे बड़ा फायदा टाटा मोटर्स को मिलता दिख रहा है. इसकी वजह है कंपनी की लग्जरी कार ब्रांड जगुआर लैंड रोवर, जिसकी अमेरिकी बाजार में जबरदस्त पकड़ है. टाटा मोटर्स की कुल बिक्री में JLR की हिस्सेदारी बेहद अहम है और अमेरिका से ही कंपनी की बड़ी कमाई होती है. टैरिफ में भारी कटौती के बाद JLR की गाड़ियां अमेरिकी ग्राहकों के लिए ज्यादा प्रतिस्पर्धी कीमत पर उपलब्ध होंगी, जिससे बिक्री और मुनाफे दोनों में बढ़ोतरी की उम्मीद की जा रही है.

रॉयल एनफील्ड की रफ्तार होगी तेज

आयशर मोटर्स के लिए भी यह समझौता किसी बड़ी राहत से कम नहीं है. कंपनी अपने लोकप्रिय टू-व्हीलर ब्रांड रॉयल एनफील्ड की मोटरसाइकिलें लंबे समय से अमेरिका में एक्सपोर्ट कर रही है. टैरिफ घटने से इन बाइक्स पर लगने वाली इंपोर्ट ड्यूटी कम होगी, जिससे अमेरिका में रॉयल एनफील्ड की कीमतें और आकर्षक बनेंगी. इसका सीधा असर बिक्री बढ़ने और ब्रांड की पकड़ मजबूत होने के रूप में देखने को मिल सकता है. 

ये भी पढ़ें: CNG यूजर्स के लिए खुशखबरी, अब गाड़ी चलाना होगा और सस्ता, बजट में बायोगैस पर जीरो टैक्स का हुआ ऐलान