T20 World Cup: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 राउंड शुरू हो चुका है. इस चरण में भारत ग्रुप-1 में साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के साथ शामिल है. भारत का पहला मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में खेला जाना है. खास बात यह है कि सुपर-8 में पहले राउंड के अंक आगे नहीं जुड़ते, यानी सभी टीमें यहां से शून्य अंक से शुरुआत करती हैं.
सुपर-8 में हर टीम को तीन मैच खेलने होते हैं. इसके बाद ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचती हैं. अगर किसी मैच में बारिश या किसी अन्य कारण से खेल नहीं हो पाता, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया जाता है.
बारिश ने बढ़ाई टीमों की चिंता
हाल ही में सुपर-8 का एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जिसमें पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को एक-एक अंक मिला. ऐसे में सवाल उठता है कि अगर पूरे ग्रुप के सभी मैच ही रद्द हो जाएं तो सेमीफाइनल में कौन पहुंचेगा.
ऐसे में कैसे होगा फैसला?
आईसीसी के नियमों के अनुसार, सबसे पहले टीमों की रैंकिंग पॉइंट्स के आधार पर तय होती है. अगर अंक बराबर हों, तो ज्यादा मैच जीतने वाली टीम आगे जाती है. इसके बाद नेट रन रेट (NRR) देखा जाता है.
लेकिन अगर कोई भी मैच नहीं खेला जाए, तो सभी टीमों के अंक बराबर होंगे, जीत शून्य होगी और नेट रन रेट भी शून्य रहेगा. ऐसे में हेड-टू-हेड का भी कोई मतलब नहीं रहेगा क्योंकि मुकाबले हुए ही नहीं होंगे.
अगर ऊपर के सभी पैमाने बराबर हो जाएं, तो आखिरी फैसला आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के आधार पर लिया जाता है. मौजूदा स्थिति में भारत टी20आई रैंकिंग में शीर्ष पर है. इस वजह से अगर ग्रुप-1 के सभी मैच रद्द हो जाते हैं, तो भारत बिना एक भी मैच खेले सेमीफाइनल में पहुंच सकता है.
ये भी पढ़ें- T20 World Cup: बारिश ने बिगाड़ा सुपर-8 का खेल, पाकिस्तान या न्यूजीलैंड कौन होगा बाहर? जानें समीकरण