India-Brazil Trade Deal: भारत और ब्राजील के बीच आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. दोनों देशों ने अपने व्यापार संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए एक नई ट्रेड डील पर हस्ताक्षर किए हैं. यह समझौता भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता के दौरान हुआ. इस समझौते से दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा मिल सकती है.
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति लूला और उनके प्रतिनिधिमंडल का भारत में स्वागत करते हुए कहा, "मुझे राष्ट्रपति लूला और उनके डेलीगेशन का भारत में स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है. उनके नेतृत्व और दृष्टिकोण ने भारत-ब्राजील संबंधों को हमेशा सशक्त किया है."
Addressing the joint press meet with President Lula of Brazil.@LulaOficial
— Narendra Modi (@narendramodi) February 21, 2026
https://t.co/hbeJiV7tF5
भारत-ब्राजील संबंधों को नई दिशा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में, उन्होंने और राष्ट्रपति लूला ने कई बार मुलाकात की है और हर बार भारत और ब्राजील के बीच गहरी दोस्ती और विश्वास को महसूस किया है. पीएम मोदी ने इस दौरे को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि यह AI इम्पैक्ट समिट को नई ऊर्जा देगा और दोनों देशों की स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को और मजबूत करेगा.
20 अरब डॉलर के व्यापार का लक्ष्य
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर बताया कि ब्राजील, लैटिन अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझीदार है. दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर से अधिक बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है. मोदी ने कहा, "हमारा व्यापार सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है, यह आपसी विश्वास का प्रतीक है. राष्ट्रपति लूला के साथ जो बड़ा व्यापार प्रतिनिधिमंडल आया है, वह इसी विश्वास को दर्शाता है."
टेक्नोलॉजी और ग्लोबल साउथ पर ध्यान
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि भारत और ब्राजील के बीच टेक्नोलॉजी और इनोवेशन में सहयोग केवल इन दोनों देशों के लिए नहीं, बल्कि ग्लोबल साउथ के लिए भी महत्वपूर्ण है. AI, डिजिटल टेक्नोलॉजी, और स्टार्टअप इकोसिस्टम में साझेदारी से विकासशील देशों को नई दिशा मिल सकती है, जिससे उनका आर्थिक और सामाजिक विकास संभव हो सकेगा. इस समझौते से न सिर्फ भारत और ब्राजील के रिश्तों को मजबूती मिलेगी, बल्कि यह दोनों देशों के लिए आर्थिक और तकनीकी विकास के नए रास्ते खोलेगा.
ये भी पढ़ें- ग्लोबल मंच पर भारत का बजा डंका, माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग की कमान संभालेंगी आशा शर्मा; इंडिया से है खास कनेक्शन